वडोदरा के गंभीरा पुल के ढहने से कई गाड़ियां समाईं, तीन लोगों की मौत

गंभीरा पुल का स्लैब गिरने से कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए। घटना में तीन लोगों की मौत हुई और पांच को बचाया गया। मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं।

भाषा
अपडेटेड9 Jul 2025, 03:19 PM IST
वडोदरा में गंभीरा पुल का स्लैब ढहने से पुल टूट गया।
वडोदरा में गंभीरा पुल का स्लैब ढहने से पुल टूट गया।

गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह गंभीरा पुल का कुछ हिस्सा ढह जाने से कई वाहन नदी में गिर गए। अधिकारियों ने बताया कि चार दशक पुराने पुल के ढहने की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य को बचा लिया गया। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि गंभीरा पुल का एक स्लैब ढह जाने से पांच से छह वाहन महिसागर नदी में गिर गए।

मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ता है गंभीरा पुल

महिसागर नदी पर स्थित गंभीरा पुल मध्य गुजरात और राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र को जोड़ता है। पटेल ने मीडियाकर्मियों को बताया, 'तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य को बचा लिया गया है।' उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण 1985 में हुआ था और समय समय पर तथा जरूरत पड़ने पर इसका रखरखाव किया जाता था। मंत्री ने कहा, 'घटना के वास्तविक कारण की जांच की जाएगी।' उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तकनीकी विशेषज्ञों को घटनास्थल पर पहुंचने और हादसे के कारण की जांच का निर्देश दिया।

ढह गया पुल का पूरा स्लैब

घटना के दृश्यों में दो खंभों के बीच पुल का पूरा स्लैब ढहता हुआ नजर आ रहा है। पादरा के पुलिस निरीक्षक विजय चरण ने इससे पहले कहा था कि घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई तथा दो ट्रक और दो वैन समेत कुछ वाहन नदी में गिर गए। एक अधिकारी ने बताया कि वडोदरा दमकल विभाग की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी बचाव उपकरण के साथ घटनास्थल रवाना हो गई है। करीब 900 मीटर लंबे गंभीरा पुल के 23 खंभे हैं और यह गुजरात के वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ता है। इसका उद्घाटन 1985 में हुआ था।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़वडोदरा के गंभीरा पुल के ढहने से कई गाड़ियां समाईं, तीन लोगों की मौत
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़वडोदरा के गंभीरा पुल के ढहने से कई गाड़ियां समाईं, तीन लोगों की मौत