
Shikhar Dhawan Post on Tarun: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान एक मासूम बच्चे द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकने पर हुए विवाद ने जिस तरह एक जान ले ली, उसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। आम जनता से लेकर खेल जगत की हस्तियां भी इस घटना से स्तब्ध हैं। भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने इस मुद्दे पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए समाज के गिरते स्तर पर चिंता जताई है।
शिखर धवन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वो तरुण कुमार के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में इस बात पर जोर दिया कि होली जैसा त्योहार, जो प्यार और भाईचारे का प्रतीक है, वहां एक छोटी सी बात पर इतनी हिंसा होना समझ से परे है।
उन्होंने लिखा-उत्तम नगर में तरुण कुमार के दुखद निधन से गहरा आघात पहुंचा है। ये सोचकर ही दिल दहल जाता है कि होली के दौरान एक बच्चे द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकने जैसी छोटी सी बात इतनी बड़ी हिंसा का रूप ले सकती है। इंसानियत का स्तर कभी इतना नीचे नहीं गिरना चाहिए। मेरी प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।
दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के उत्साह के बीच एक बच्चे ने पानी का गुब्बारा फेंका था। यह छोटी सी बात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में बदल गई। इस विवाद के दौरान तरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन तरुण का परिवार अब भी न्याय की गुहार लगा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने यहां उत्तम नगर में होली के दौरान दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के सिलसिले में सात और लोगों को गिरफ्तार किया है तथा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इस संबंध में अब तक कुल 14 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं तथा दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हालिया कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए लोगों में तीन महिलाएं भी हैं जिनकी पहचान सायरा उर्फ काली (40), शरीफान (50) और सलमा (36) के रूप में हुई हैं। ये सभी उत्तम नगर की निवासी हैं।अधिकारी ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में पूछताछ के लिए पहले ही हिरासत में लिया गया था।अधिकारी के अनुसार गिरफ्तार अन्य आरोपियों में सुहैल उर्फ साहिल (21), समीर चौहान (20), फिरोज (22) और इस्माइल (50) शामिल हैं तथा ये सभी भी इसी इलाके के निवासी हैं।पुलिस ने बताया कि हिंसा में शामिल होने के आरोप में 14 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सायरा उर्फ काली वही महिला थी जिससे कथित तौर पर विवाद हुआ था। यह झगड़ा तब शुरू हुआ जब पीड़ित परिवार की एक छोटी बच्ची ने पानी का गुब्बारा फेंका, जो पास से गुजर रही काली पर फट गया और उस पर पानी के छींटे पड़ गए।
इसके बाद दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई जो चार मार्च को घनी आबादी वाले जेजे कॉलोनी क्षेत्र में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान, कथित तौर पर कई लोगों ने 26 वर्षीय तरुण पर हमला किया तथा घायल तरुण की अस्पताल में पांच मार्च को मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है जिसके मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई।द्वारका के उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम झड़प में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं तथा मामले की जांच जारी है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.