Plane Crash: अमेरिका से एक दुखद खबर सामने आई है। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना में एक छोटा विमान उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना स्टेट्सविले रीजनल एयरपोर्ट पर हुई, जहां विमान आग की लपटों में घिर गया। हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की डिटेल
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह विमान Cessna C550 कॉर्पोरेट जेट था, जिसमें कुल छह लोग सवार थे। विमान स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 10:15 बजे नॉर्थ कैरोलिना के स्टेट्सविले रीजनल एयरपोर्ट पर उतरते समय रनवे के पूर्वी छोर पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
घटनास्थल पर पहुंचते ही दिखीं आग की लपटें
स्टेट्सविले एयरपोर्ट के निदेशक जॉन फर्ग्यूसन ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे, तब विमान आग की लपटों में घिरा हुआ था। विमान रनवे के पूर्वी छोर के पास गिरा था। हादसे की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आपात सेवाओं को मौके पर बुलाया गया।
एयरपोर्ट बंद
हादसे के बाद स्टेट्सविले रीजनल एयरपोर्ट को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। मलबा हटाने और जांच में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए सभी उड़ानें फिलहाल रोक दी गई हैं।
NTSB कर रहा है जांच
इस विमान हादसे की जांच अब नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) कर रहा है। जांच एजेंसी हादसे के हर पहलू को खंगाल रही है, हालांकि फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
विमान में सवार सभी लोगों की स्थिति और हादसे की असली वजह को लेकर अभी कई सवाल बने हुए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि लैंडिंग के वक्त यह हादसा कैसे हुआ।