Kullu-Manali Snowfall Update: शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को 23 जनवरी के लिए तीन जिलों–कुल्लू, चंबा और लाहौल एवं स्पीति के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया, जिसमें इन जिलों के कुछ स्थानों पर भारी हिमपात और वर्षा का अनुमान जताया गया है। मौसम कार्यालय ने बताया कि राज्य के बाकी नौ जिलों के लिए 23 जनवरी को ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
मौसम कार्यालय ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि राज्य में हिमपात और वर्षा 26 जनवरी तक जारी रहेगी। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
लाहौल में गिर रहा तापमान
मौसम कार्यालय ने बताया कि मंगलवार को, हमीरपुर और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति देखी गई, जबकि राज्य का सबसे कम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे, लाहौल और स्पीति जिले के ताबो गांव में दर्ज किया गया।
IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम कार्यालय ने 22 जनवरी के लिए नौ जिलों – कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, मंडी, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल और स्पीति के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें इन जिलों के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और हिमपात की संभावना जताई गई है।मौसम कार्यालय ने बताया कि मंगलवार को राज्य भर में मौसम अधिकांशत: शुष्क बना रहा।