राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी के दिवंगत नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को शनिवार को राकांपा के विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही उनके महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। बता दें कि सुनेत्रा पवार आज शाम 5 बजे राजभवन में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। फिलहाल वह राज्यसभा सांसद हैं और राष्ट्रीय राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार के नाम पर मुहर
विधान भवन में हुई राकांपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार के नाम पर मुहर लगी। बैठक में मौजूद विधायकों ने उन्हें नेता चुने जाने पर समर्थन दिया। पार्टी नेताओं का कहना है कि अजित पवार के निधन के बाद संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर नेतृत्व की जिम्मेदारी को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं था। सभी की राय थी कि सुनेत्रा पवार इस जिम्मेदारी को संभालें। पार्टी के भीतर यह भी माना जा रहा है कि उनका चयन न सिर्फ भावनात्मक रूप से अहम है, बल्कि राजनीतिक संतुलन के लिहाज से भी जरूरी था।
सभी की निगाहें शपथ ग्रहण पर
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को राकांपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। इस बैठक में पार्टी की ओर से सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सहमति बन गई। अजित पवार फडणवीस सरकार में उपमुख्यमंत्री थे और उनके निधन से सरकार में खाली हुए इस अहम पद को भरने को लेकर तेजी से निर्णय लिया गया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने से न सिर्फ राकांपा को मजबूती मिलेगी, बल्कि राज्य की राजनीति में भी स्थिरता बनी रहेगी। अब सभी की निगाहें उनके शपथ ग्रहण और आगे की राजनीतिक भूमिका पर टिकी हैं।