West Bengal new CM Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नया अध्याय शुरू हो गया। लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस के दबदबे वाले राज्य में अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई है। बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने 9 मई को पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। यह पहली बार है जब बंगाल में बीजेपी का कोई मुख्यमंत्री बना है। इस ऐतिहासिक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेतागण पहुंचे, जिससे पूरे कार्यक्रम की राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई।
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरएन रवि ने सुवेंदु अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस समारोह को बंगाल की राजनीति का ऐतिहासिक पल माना जा रहा है। यह पहली बार है जब बंगाल में बीजेपी का कोई मुख्यमंत्री बना है।
कई बड़े नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ
दिलीप घोष ने सुवेंदु अधिकारी के बाद मंत्री पद की शपथ ली। शपथ के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत मंच पर मौजूद नेताओं का आशीर्वाद लिया। अग्निमित्रा पॉल ने भी मंत्री पद की शपथ ली। फैशन डिजाइनर से नेता बनीं अग्निमित्रा आसनसोल दक्षिण से विधायक हैं और बंगाल बीजेपी का मजबूत महिला चेहरा मानी जाती हैं।
इसके अलावा बनगांव उत्तर से विधायक अशोक कीर्तनिया, रानीबांध से विधायक खुदीराम टुडू और माथाभंगा सीट से विधायक निसिथ प्रामाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
अमित शाह ने किया नाम का ऐलान
मुख्यमंत्री पद के लिए सुवेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान शुक्रवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक में किया गया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम की घोषणा की थी। नाम सामने आने के बाद सुवेंदु अधिकारी सीधे राज्यपाल से मिलने पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके साथ ही बंगाल में पहली बीजेपी सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया।
15 साल बाद खत्म हुआ TMC का शासन
इस चुनाव में बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर बड़ी जीत हासिल की। इसी के साथ राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल पुराने शासन का अंत हो गया। ममता बनर्जी लगातार तीन बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रही थीं, लेकिन इस बार बीजेपी ने चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता परिवर्तन कर दिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बंगाल की राजनीति में सबसे बड़े बदलावों में से एक माना जाएगा।
समारोह में पहुंचे अन्य राज्यों के सीएम
पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में देशभर की राजनीति के कई बड़े चेहरे नजर आए। इस शपथ ग्रहण समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा नेता स्मृति ईरानी, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, चिराग पासवान, नितिन नवीन, मिथुन चक्रवर्ती समेत कई अन्य शामिल हुए।