T20 World Cup 2026: दिल्ली वाले रहें अलर्ट! पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, ये रूट रहेंगे बंद

ICC T20 World Cup 2026: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोजशाह कोटला ग्राउंड) में टी20 वर्ल्ड कप का आगाज हो रहा है। दिल्ली में कुल 6 मैच खेले जाएंगे। इसे लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है।

Jitendra Singh
अपडेटेड10 Feb 2026, 02:03 PM IST
Delhi Traffic Advisory: मैच के दिन कई सड़कों पर डायवर्जन रहेगा।
Delhi Traffic Advisory: मैच के दिन कई सड़कों पर डायवर्जन रहेगा।

Delhi Traffic Advisory: ICC मेंस T20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 को लेकर लोगों में हर जगह उत्साह देखा जा रहा है। हर कोई इस कोशिश में है कि उन्हें किसी तरह स्टेडियम में जाकर मैच देखने को मिल जाए। लोगों के उत्साह को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। इस बीच दिल्ली में होने वाले मैच को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। पुलिस का कहना है कि मैच के दिन स्टेडियम और उसके आसपास भारी भीड़ रहने की संभावना है। इसी वजह से ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए कुछ खास इंतजाम किए गए हैं।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, दिल्ली में टी20 वर्ल्ड कप के 6 क्रिकेट मैच खेले जाएंगे। ये मैच 10 फरवरी, 12 फरवरी, 13 फरवरी, 16 फरवरी, 18 फरवरी और 1 मार्च को खेले जाएंगे। इन दिनों ट्रैफिक में बहुत बदलाव और रोक लगाई जाएगी ताकि दर्शक आसानी से स्टेडियम आ-जा सकें और शहर में जाम न लगे।

यह भी पढ़ें | दिल्ली के 10 से अधिक स्कूल को मिली बम की धमकी, तलाश अभियान जारी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार मैच शुरू होने से एक घंटे पहले और समाप्ति के एक घंटे बाद तक जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। इस दौरान भारी वाहनों का बहादुरशाह जफर मार्ग, दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग, गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड और दिल्ली गेट से जेएलएन मार्ग की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

इन समयों में इन सड़कों से बचने की सलाह

  • 10 फरवरी, 16 फरवरी और 18 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक।
  • 13 फरवरी और 1 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक।
  • 12 फरवरी 2026 को शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक।

इन समयों में दर्शकों की भीड़ के कारण ट्रैफिक जाम की आशंका जताई गई है। इस दौरान राजघाट से जवाहरलाल नेहरू मार्ग, तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और आईटीओ चौक से दिल्ली गेट तक बहादुरशाह जफर मार्ग प्रमुख रूप से प्रभावित रहेंगे।

यह भी पढ़ें | मैराथन के बाद निकलेगी गुरु रविदास शोभा यात्रा, दिल्ली के इन रास्तों से बचें

स्टेडियम में प्रवेश के लिए गेट की व्यवस्था

1. गेट नंबर 1 से 8 स्टेडियम के दक्षिणी हिस्से में स्थित हैं, जहां प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग से किया जाएगा।

2. गेट नंबर 10 से 15 स्टेडियम के पूर्वी हिस्से में हैं और इनमें प्रवेश जेएलएन मार्ग से अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल के पास से होगा।

3. गेट नंबर 16, 17 और 18 स्टेडियम के पश्चिमी हिस्से में स्थित हैं, जिनमें प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास से होगा।

पार्किंग की जानकारी

स्टेडियम के पास पार्किंग बहुत कम होगी और सिर्फ वैध पार्किंग लेबल वाली गाड़ियों को ही पार्किंग की जगह मिलेगी। बिना लेबल वाली गाड़ियां नहीं लगेंगी।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें’

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वो मैच के दिन स्टेडियम के आसपास जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। अगर जरूरी ना हो तो निजी वाहन से निकलने के बजाय मेट्रो, बस और बाकी पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। एडवाइजरी में ये भी कहा गया है कि मैच शुरू होने से पहले और मैच खत्म होने के बाद ट्रैफिक दबाव ज्यादा रहेगा। ऐसे में लोगों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है। सड़क किनारे गलत जगह वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और चालान भी काटा जा सकता है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़T20 World Cup 2026: दिल्ली वाले रहें अलर्ट! पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, ये रूट रहेंगे बंद
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़T20 World Cup 2026: दिल्ली वाले रहें अलर्ट! पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, ये रूट रहेंगे बंद