
Afghanistan vs South Africa: सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज के साहसिक खेल के बावजूद अफगानिस्तान को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को यहां रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंचे मैच में दूसरे सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा जिससे उसकी सुपर आठ में पहुंचने की उम्मीदों को करारा झटका लगा।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद छह विकेट पर 187 रन बनाए। इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम 19.4 ओवर में 187 रन पर आउट हो गई। फिर पहला सुपर ओवर भी टाई रहा। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने सुपर ओवर किया जिसमें अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए। इसमें अजमतुल्लाह उमरजई का एक छक्का और दो चौके शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका ने फजलहक फारुकी के ओवर में एक विकेट पर 17 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर स्कोर बराबर किया।
उमरजई दूसरा सुपर ओवर करने के लिए आए जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने डेविड मिलर के दो छक्कों की मदद से 23 रन बनाए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज ने पहली दो गेंद पर कोई रन नहीं दिया और मोहम्मद नबी को आउट किया। गुरबाज ने इसके बाद लगातार तीन छक्के लगाए लेकिन आखिरी गेंद पर वह आउट हो गए।इस जीत से दक्षिण अफ्रीका के दो मैच में चार अंक हो गए हैं जबकि अफगानिस्तान की यह लगातार दूसरी हार है। उसे अगले चरण में जाने के लिए न सिर्फ अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे बल्कि अन्य मैच के परिणाम भी अनुकूल रहने के लिए दुआ करनी होगी।
अफगानिस्तान इससे पहला लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में था लेकिन लगातार विकेट गंवाने के कारण उसे नुकसान हुआ। उसकी तरफ से गुरबाज ने 42 गेंद पर 84 रन बनाए जिसमें चार चौके और सात छक्के शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए एनगिडी ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए।इससे पहले रयान रिकेल्टन ने 28 गेंद पर 61 रन की तूफानी पारी खेली जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल हैं। क्विंटन डीकॉक ने 41 गेंद पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। कप्तान एडन मारक्रम (05) के जल्दी आउट होने के बाद इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी की।
रिकेल्टन और डीकॉक के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 23, मिलर ने नाबाद 20 और मार्को यानसन ने 16 रन का योगदार दिया।अफगानिस्तान की तरफ से उमरजई ने 41 रन देकर तीन और कप्तान राशिद खान ने 28 रन देकर दो विकेट लिए।अफगानिस्तान ने अच्छी शुरुआत की तथा गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े। इसके बाद हालांकि उसने दो रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए। एनगिडी ने जादरान को बोल्ड करने के बाद गुलबदीन नैब को अपनी ही गेंद पर कैच किया।कैगिसो रबाडा ने सदिकुल्लाह अटल को शून्य पर आउट किया जिससे अफगानिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 51 रन से तीन विकेट पर 52 रन हो गया।
गुरबाज ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया तथा रबाडा और यानसन पर छक्के लगाए। उन्होंने जॉर्ज लिंडे का स्वागत भी छक्के से किया और फिर इसी गेंदबाज के अगले ओवर में दो छक्के जड़कर 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। मारक्रम ने इसके बाद खुद गेंद संभाली लेकिन इससे कोई फायदा नहीं मिला क्योंकि गुरबाज ने उन पर भी छक्का और चौका लगाया।
महाराज ने 13वें ओवर में गुरबाज की पारी का अंत किया। उन्होंने ढीला शॉट खेला जिसे थर्ड मैन पर जॉर्ज लिंडे ने दौड़ लगाकर कैच में बदल दिया। दारविश रसूली (15) भी इसी ओवर में रन आउट हो गए। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 69 रन जोड़े। लिंडे ने नबी (05) को आउट करके अफगानिस्तान को एक और झटका दिया।
अफगानिस्तान को जब 18 गेंद पर 30 रन की जरूरत थी तब एनगिडी ने उमरजई (17 गेंद पर 22 रन) को आउट करके दक्षिण अफ्रीका की उम्मीद जगाई। अफगानिस्तान को कप्तान राशिद (12 गेंद पर 20 रन) पर भरोसा था लेकिन यानसन ने 19वें ओवर में उन्हें आउट कर दिया। नूर अहमद ने दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाकर स्कोर बराबर करवाया।इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मारक्रम का विकेट जल्दी गंवा दिया। फारुकी की गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर हवा में उछल गई और नबी ने मिड-ऑफ पर आसान कैच लपका।डीकॉक ने चौथे ओवर में मुजीब उर रहमान की गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया और फिर अगली ही गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट में चौका जड़ा। रिकेल्टन ने भी उमरजई पर दो चौके लगाए। दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में एक विकेट पर 43 रन बनाए।
इसके बाद डीकॉक और रिकेल्टन दोनों ने नबी और राशिद की स्पिन जोड़ी पर कुछ मनचाहे चौके और छक्के बटोरे। न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेलने वाले स्पिनर नूर अहमद ने अपने पहले ओवर में 23 रन लुटा दिए।जहां डीकॉक ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर अहमद का स्वागत किया, वहीं रिकेल्टन ने उनकी गेंद को मिडविकेट के ऊपर से स्वीप किया और कवर पर दो चौके लगाए। इससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 10 ओवर के बाद एक विकेट पर 98 रन पर पहुंच गया।
डीकॉक ने मुजीब की गेंद पर मिडविकेट पर चौका लगाकर टी20 विश्व कप में अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया और फिर रिकेल्टन ने इसी गेंदबाज पर छक्का लगाकर केवल 23 गेंदों में अर्धशतक बनाया।राशिद ने हालांकि इन दोनों बल्लेबाजों को 13वें ओवर में तीन गेंद के अंदर पवेलियन भेज दिया।राशिद ने सबसे पहले डीकॉक को आउट किया, जिन्हें डीप मिडविकेट पर इब्राहिम जादरान ने कैच किया। इसके तुरंत बाद उन्होंने रिकेल्टन को पगबाधा आउट किया।ब्रेविस अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए जबकि ट्रिस्टन स्टब्स केवल एक रन ही बना सके। मिलर और यानसन ने दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.