अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब ईरान में बांग्लादेश जैसे तख्तापलट की पूरी पटकथा को परवान चढ़ाने लगे हैं। उन्होंने ईरान के प्रदर्शनकारियों को मदद देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा है कि उन्हें अमेरिका से मदद भेजी जा रही है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए की ईरानी प्रदर्शनकारियों की हौसला आफजाई
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए प्रदर्शनकारियों से ईरान की विभिन्न संस्थाओं पर कब्जा करने को कहा है और कहा कि ईरान की सत्ता में बैठे लोगों को प्रदर्शन को कुचलने की कोशिशों के लिए बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।
ईरानी प्रदर्शनकारियों को कैसी सहायता भेज रहे हैं ट्रंप?
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा है कि उन्होंने ईरानी अधिकारियों के साथ बैठकें रद्द कर दी हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को हालांकि यह विवरण नहीं दिया कि अमेरिकी किस तरह से ईरानी प्रदर्शनकारियों को मदद करने जा रहा है, लेकिन उन्होंने कहा कि सहायता पहुंचने वाली है।
ट्रूथ सोशल पर ट्रंप ने क्या कहा, जानिए पूरी बात
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, 'ईरानी देशभक्तो, प्रदर्शन करते रहे हैं और अपने संस्थानों को कब्जे में ले लें। हत्यारों और दमनकारियों के नाम याद रखें। उन्हें बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। मैंने ईरानी अधिकारियों के साथ तब तक के लिए सारी बैठकें रद्द कर दी हैं जब तक कि प्रदर्शनकारियों की बेवजह हत्या नहीं रुकती है। सहायता भेजी जा रही है।'
ईरान में अब तक मारे जा चुके हैं 2,000 प्रदर्शनकारी
ईरान में राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या मंगलवार तक बढ़कर कम से कम 2,000 हो गई। ईरान की सरकार ने विरोध-प्रदर्शन पर काबू पाने के लिए संचार व्यवस्था ठप कर दिया था। लेकिन मंगलवार को ईरानियों ने कई दिनों बाद पहली बार विदेशों में फोन किया। ईरान में इस पैमाने पर हिंसा दशकों में नहीं देखी गई थी।
क्या ईरान में होकर रहेगा सत्ता परिवर्तन?
कोई संदेह नहीं कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के इस सोशल मीडिया पोस्ट से ईरानी प्रदर्शनकारियों में जोश और जज्बे का नया संचार होगा। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या अमेरिका की शह पर जिन देशों में सत्ता परिवर्तन हुए, उसकी लिस्ट में ईरान का नाम जल्द ही जुटने वाला है?