Tata Motors Car Price Hike: देश की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने अपने ग्राहकों को एक बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने आगामी 1 जुलाई से अपने सभी पैसेंजर व्हीक्ल्स की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। खास बात यह है कि कीमतों में इजाफे का यह फैसला पेट्रोल-डीजल (ICE) से चलने वाले वाहनों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) पर भी समान रूप से लागू होगा। टाटा मोटर्स की तरफ से पिछले तीन महीनों के भीतर यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले कंपनी ने पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और संघर्ष के कारण पैदा हुए लागत दबावों के चलते 1 अप्रैल से अपने आईसीई वाहनों के दाम बढ़ाए थे।
कीमतों में इजाफे को कंपनी ने बताया मजबूरी
शुक्रवार को शेयर बाजार को दी गई एक आधिकारिक सूचना में टाटा मोटर्स ने कहा, "यह मूल्य संशोधन कच्चे माल की लगातार बढ़ती लागत और मुद्रास्फीति (महंगाई) के लगातार दबाव के प्रभावों को आंशिक रूप से संतुलित करने के लिए किया जा रहा है।" कंपनी ने आगे स्पष्ट किया कि वह लागत वृद्धि का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है, लेकिन इसका कुछ भार इस मूल्य समायोजन के जरिए ग्राहकों पर डालना पड़ रहा है। यह बढ़ोतरी विभिन्न मॉडलों और उनके वेरिएंट्स के आधार पर अलग-अलग होगी।
अन्य कंपनियों ने भी बढ़ाए दाम
ऑटोमोबाइल सेक्टर में कीमतों में इजाफा केवल टाटा मोटर्स तक सीमित नहीं है। इससे पहले देश की सबसे बड़ी कार मैन्युफैक्चरर मारुति सुजुकी इंडिया ने भी महंगाई और प्रतिकूल लागत का हवाला देते हुए 1 जून से अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। मारुति सुजुकी ने 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। वहीं, हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड ने भी 1 जून से अपने वाहनों के दाम मॉडल के अनुसार 12,800 रुपये तक बढ़ा दिए हैं। जानकारों का कहना है कि ऑटो सेक्टर पर लगातार बढ़ रहा इनपुट कॉस्ट का दबाव आने वाले दिनों में ग्राहकों की जेब पर और भारी पड़ सकता है।