
टाटा मोटर्स ने Punch EV फेसलिफ्ट की लॉन्चिंग से पहले ही इसका टीजर रिलीज कर दिया है। इस टीजर में नई पंच ईवी के एक्सटीरियर डिजाइन का पता चलता है। बता दें कि यह कार 20 फरवरी को लॉन्च होगी। माइक्रो SUV के इस इलेक्ट्रिक अवतार में कंपनी ने बाहर के लुक में साफ-साफ बदलाव किए हैं, जबकि अंदर के केबिन में हल्के अपडेट देखने को मिलेंगे। हालांकि, अच्छी बात यह है कि पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कीमत की बात करें तो नई Punch EV फेसलिफ्ट मौजूदा मॉडल से महंगी होगी। आइए जानते हैं पूरी खबर के बारे में विस्तार से।
डिजाइन की बात करें तो 2026 Punch EV फेसलिफ्ट पहले से ज्यादा फ्रेश नजर आती है। इसके फ्रंट में अब क्लोज्ड ग्रिल दी गई है, जो इलेक्ट्रिक कार की पहचान को और मजबूत करती है। पहले जो हेडलैंप्स को जोड़ने वाली काली पट्टी थी, उसे हटा दिया गया है। फ्रंट बंपर के नीचे मौजूद स्कफ प्लेट को भी नया लुक दिया गया है। इसके अलावा नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो Nexon EV से इंस्पायर्ड बताए जा रहे हैं। कंपनी इसे एक नए कलर ऑप्शन में भी उतारेगी, जो Harrier SUV के ‘Sunlit Yellow’ शेड जैसा होगा और इसमें ब्लैक रूफ मिलेगी।
पीछे की तरफ के बदलावों को लेकर कंपनी ने अभी पूरी जानकारी नहीं दी है। हालांकि, माना जा रहा है कि इसमें ICE Punch की तरह कनेक्टेड LED टेललैंप्स मिल सकते हैं। अंदर की बात करें तो केबिन में बदलाव काफी सटल होंगे। Punch EV फेसलिफ्ट में 12.3-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है, जो Nexon EV से लिया गया होगा। साथ ही नई थीम वाली अपहोल्स्ट्री और लेवल-2 ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स भी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
फीचर्स के मामले में Punch EV पहले से ही काफी दमदार है और फेसलिफ्ट मॉडल में भी ज्यादातर फीचर्स बरकरार रहेंगे। इसमें 360-डिग्री कैमरा, 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस फोन चार्जर, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, ऑटो-डिमिंग IRVM और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स मिलेंगे। वेरिएंट्स की बात करें तो Smart, Smart Plus, Adventure और Empowered ट्रिम्स जारी रह सकते हैं।
पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। Punch EV फेसलिफ्ट में वही 25 kWh और 35 kWh बैटरी पैक मिलेंगे। 25 kWh बैटरी पर 265 किमी की रेंज मिलती है, जबकि 35 kWh बैटरी एक बार चार्ज करने पर 365 किमी तक चल सकती है। छोटे बैटरी पैक के साथ 82 bhp की पावर और 114 Nm टॉर्क मिलेगा, जबकि बड़े बैटरी पैक में 121 bhp की पावर और 190 Nm का टॉर्क दिया गया है। कुल मिलाकर, 2026 Punch EV फेसलिफ्ट स्टाइल और फीचर्स के दम पर इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत करने वाली है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.