आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर अब बिहार में भी बालाजी मंदिर बनने जा रहा है, मंदिर के निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। इस मंदिर का निर्माण करवाने के लिए बिहार के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने वादा किया था। इसके निर्माण के लिए सरकार ने मोकामा में जमीन दान की है, जिसके निर्माण के बाद राजधानी पटना से सटे मोकामा की पहचान जल्दी ही बदलने की उम्मीद है।
मोकामा का प्राचीन इतिहास से संगम
बिहार की राजधानी पटना के करीब बसा मोकामा नगर भले ही बाहुबलियों की राजनीतिक जमीन के तौर पर जाना जाता रहा हो, लेकिन जल्दी ही इसकी पहचान बदलने की उम्मीद जताई जा रही है। मोकामा में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग ने तिरुपति बालाजी मंदिर के निर्माण के लिए 10.11 एकड़ जमीन दान की है और गृहमंत्री सम्राट चौधरी के वादे के मुताबिक इसपर निर्माण भी शुरू हो गया है। मोकामा वही शहर है जिसे प्राचीन भारत में अंग प्रदेश, मगध और मिथिला के संगम तट के स्थल के तौर पर जाना जाता था। गंगा नदी के किनारे बसे इस शहर की जल्दी ही पहचान वैश्विक स्तर पर बनने वाली है।
अर्ध कुंभ मेले के प्रवेश द्वार पर निर्माण
मोकामा में तिरुपति बालाजी का मंदिर उसी स्थान पर बनाया जा रहा है जिसे सिमरिया घाट पर लगने वाले अर्ध कुंभ मेले का प्रवेश द्वार कहा जाता है। गंगा नदी के तट पर स्थिति इस स्थल से होकर दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन और उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली रेलवे लाइन गुजरती है। इतना ही नहीं इस जगह पर कई राष्ट्रीय राजमार्गों का भी संगम होता है। इस लिहाज से मंदिर निर्माण का स्थल काफी अहम माना जा रहा है।
तिरुपति देवस्थानम् ट्रस्ट के अधीन मंदिर
मोकामा में जिस ट्रस्ट को तिरुपति बालाजी मंदिर बनाने के लिए जमीन दी गई है वही टस्ट्र आंध्र प्रदेश के तिरूमला तिरुपति बालाजी मंदिर का प्रबंधन संभालता है। इतना ही नहीं तिरूमला तिरुपति देवस्थानम् ट्रस्ट ने तमिलनाडु, ओडिशा, केरल, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में देवस्थानों का निर्माण कराया है। इसके अलावा इन राज्यों में ट्रस्ट ने वेद पाठशाला, वैदिक विश्वविद्यालय, हॉस्पिटल, निर्धन लोगों, बुजुर्गों और कुष्ठ रोगियों के लिए आश्रय स्थलों के निर्माण का किया है। मोकामा में अब ये ट्रस्ट तिरुपति बालाजी मंदिर के साथ इन तमाम संस्थाओं को भी संचालित करेगा। तिरुपति देवस्थानम् ट्रस्ट ने मंदिर निर्माण के लिए जमीन देने पर बिहार सरकार का आभार जताया है।