TMC Leader Jahangir Khan Arrested: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कद्दावर नेता जहांगीर खान को राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गिरफ्तार कर लिया है। जहांगीर की गिरफ्तारी भारत-नेपाल सीमा के पास से हुई है। जहांगीर पिछले कई दिनों से फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। सामने आई जानकारी के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों को जहांगीर खान की लोकेशन के बारे में पुख्ता इनपुट्स मिले थे। इसके बाद STF ने नेपाल सीमा के पास घेराबंदी की और सुबह-सुबह उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जहांगीर खान के खिलाफ दक्षिण 24 परगना के फाल्टा थाने में सात एफआईआर (FIR) दर्ज हैं। इन आपराधिक मामलों के सामने आने के बाद से ही वे फरार चल रहे थे।
कोर्ट से राहत रद्द होने के बाद हुए गिरफ्तार
दरअसल कलकत्ता हाईकोर्ट ने जहांगीर को मिली अंतरिम राहत (प्रोटेक्शन) को वापस ले लिया था। इससे पहले 18 मई को कोर्ट ने उन्हें थोड़ी राहत जरूर दी थी, लेकिन बाद में इसे खारिज कर दिया गया। कोर्ट ने कहा कि राज्य की राजनीतिक स्थिति बदलने या याचिकाकर्ता द्वारा पॉलिटिकल वेंडेटा का आरोप लगाने मात्र से उन्हें कानूनी सुरक्षा देना जारी नहीं रखा जा सकता। कानून सबके लिए बराबर है और जांच निष्पक्ष होनी चाहिए।
कोर्ट ने दोनों पक्ष के वकीलों ने दी ये दलीलें
कोर्ट में जहांगीर के वकील किशोर दत्ता ने दलील दी थी कि 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद उनके मुवक्किल के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से कई मामले दर्ज किए गए। वहीं दूसरी तरफ, एडिशनल एडवोकेट जनरल राजदीप मजूमदार ने इस राहत को बढ़ाने का कड़ा विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि खान को सुरक्षा सिर्फ इसलिए मिली थी ताकि वह 21 मई को फाल्टा में हुए पुनर्मतदान में हिस्सा ले सकें, जिसके नतीजे 24 मई को आ चुके हैं।