मस्जिद शिलान्यास के बाद बदले सुर, इस्तीफे से पलटे TMC विधायक हुमायूं कबीर, कहा- मेरे इस्तीफे का सवाल नहीं

TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने विधानसभा से इस्तीफा देने के अपने पुराने ऐलान से यू-टर्न ले लिया है। मस्जिद शिलान्यास के बाद इस्तीफे की बात कहने वाले कबीर अब विधायक बने रहेंगे। उन्होंने इसके पीछे क्षेत्र की जनता की इच्छा का हवाला दिया है। 

Rishabh Shukla
पब्लिश्ड8 Dec 2025, 10:21 PM IST
TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर
TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने अपने पहले के बयान से यू-टर्न लेते हुए साफ कर दिया है कि वह पश्चिम बंगाल विधानसभा से इस्तीफा नहीं देंगे। मुर्शिदाबाद के भरतपुर से MLA कबीर ने कहा कि अब उनके इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं है। इससे पहले उन्होंने बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मस्जिद की नींव रखने के बाद विधानसभा सदस्यता छोड़ने का ऐलान किया था। हालांकि, मस्जिद शिलान्यास के महज दो दिन बाद ही उन्होंने अपना फैसला बदल दिया है।

जनता का हवाला, फैसले को बताया लोकतांत्रिक

अपने बदले रुख को सही ठहराते हुए विधायक हुमायूं कबीर ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने उनसे इस्तीफा न देने की अपील की है। कबीर के मुताबिक, जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है और वे नहीं चाहते कि वह पद छोड़ें। इसी जनभावना का सम्मान करते हुए उन्होंने इस्तीफे का फैसला वापस ले लिया। गौरतलब है कि इससे पहले कबीर ने 17 दिसंबर को विधायक पद से इस्तीफा देने और 22 दिसंबर को नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की थी।

यह भी पढ़ें | हुमायूं कबीर ने किया बाबरी मस्जिद निर्माण के लिए 300 करोड़ जुटाने का दावा

TMC ने बनाई दूरी, सीट बदलने की तैयारी

इस बीच हुमायूं कबीर के फैसले के बाद तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा के भीतर उनसे और दूरी बनाने का निर्णय लिया है। सूत्रों के अनुसार, TMC लेजिस्लेटिव पार्टी उनकी सीट को बीजेपी बेंच के पास शिफ्ट करने पर विचार कर रही है ताकि सत्ताधारी दल उनसे स्पष्ट दूरी बनाए रख सके। पहले उन्हें पूर्व मंत्री होने के कारण ट्रेजरी बेंच के पास सीट दी गई थी। TMC के चीफ व्हिप निर्मल घोष ने कहा कि पार्टी हालात पर करीब से नजर रख रही है। उन्होंने PTI को बताया कि सस्पेंड किए गए MLA को असेंबली में बिठाने का फैसला अगले कुछ दिनों में लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें | क्या अयोध्या नहीं तो मुर्शिदाबाद सही है? हुमायूं बंगाल में बनाएंगे बाबरी मस्जिद?

मस्जिद शिलान्यास से गरमाई बंगाल की राजनीति

मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच बाबरी मस्जिद-मॉडल पर मस्जिद का शिलान्यास किया गया था, जिसके बाद राज्य की सियासत गरमा गई। हुमायूं कबीर ने दावा किया कि इस कार्यक्रम को जनता का अप्रत्याशित समर्थन मिला। इसी बीच बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र और कार्यकाल खत्म होने से पहले संभावित अंतरिम बजट सत्र भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, जहां कबीर की भूमिका और TMC का रुख खास नजरों में रहेगा।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़मस्जिद शिलान्यास के बाद बदले सुर, इस्तीफे से पलटे TMC विधायक हुमायूं कबीर, कहा- मेरे इस्तीफे का सवाल नहीं
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़मस्जिद शिलान्यास के बाद बदले सुर, इस्तीफे से पलटे TMC विधायक हुमायूं कबीर, कहा- मेरे इस्तीफे का सवाल नहीं