दिल्ली पुलिस की EOW यानी आर्थिक अपराध शाखा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। EOW ने राहुल और सोनिया गांधी समेत 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपों के मुताबिक AJL यानी एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिडेट की दो हजार करोड़ रुपये की संपत्ति महज 50 लाख रुपये में हड़प ली गई थी। इस मामले में AJL ने 6 लोगों और 3 कंपनियों को आरोपी बनाया है।
ED की शिकायत पर EOW ने दर्ज किया केस
नेशनल हेराल्ड केस की जांच कर रही ED की शिकायत पर दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने केस दर्ज किया है। कांग्रेस पार्टी से जुड़ी एसोसिएटेड जर्नल्स को धोखाधड़ी से कब्जाने की साजिश का आरोप लगा है। पिछले महीने 3 अक्टूबर को ईडी की शिकायत पर केस दर्ज किा गया था। संपत्ति को हड़पना का आरोप लगाते हुए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष सैम पित्रोदा के अलावा तीन अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जबकि तीन कंपनियों एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिडेट, यंग इंडिया और Dotex Merchandise Pvt Ltd को आरोपी बनाया गया है।
फर्जी कंपनियों के जरिए संपत्ति हथियाने का आरोप
गौरतलब है कि भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने 1938 में नेशनल हेराल्ड अखबार की शुरूआत की थी। इसकी संपत्ति दिल्ली, मुंबई, लखनऊ समेत कई शहरों में फैली थी। एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड नाम की कंपनी अखबार के प्रबंधन का जिम्मा संभालती थी। आरोपों के मुताबिक जिस वक्त नेशनल हेराल्ड की संपत्ति गांधी परिवार को महज 50 लाख रुपये में बेची गई उस वक्त उसकी कीमत 2,000 करोड़ रुपये थी।
50 लाख में खरीदी 2,000 करोड़ की संपत्ति?
गांधी परिवार पर आरोप है कि इस संपत्ति को हड़पने के लिए यंग इंडियन और डोटेक्स मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड नाम की फर्जी का इस्तेमाल किया गया। ये कंपनियां कथित तौर पर कोलकाता की एक शेल कंपनियां हैं, जिसने यंग इंडिया को एक करोड़ रुपये दिए थे। जिससे गांधी परिवार ने कांग्रेस को 50 लाख रुपये देकर AJL को कथित तौर पर 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति खरीदने के लिए कहा था।
कांग्रेस ने आरोपों को सिरे से खारिज किया
ED के आरोपों को कांग्रेस पार्टी लंबे समय से खारिज करती आ रही है। कांग्रेस का कहना है कि केंद्र की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी एजेंसियों का इस्तेमाल कर गांधी परिवार को परेशान कर रही है। कांग्रेस ने लगातार आरोपों को गलत बताया है और ED पर सरकार के कहने पर राजनीतिक चाल चलने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ बीजेपी इसे कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार का भ्रष्टाचार बताती आ रही है।
सुब्रमण्यम स्वामी ने दर्ज कराया था मामला
नेशनल हेराल्ड घोटाले से जुड़े मामले में बीजेपी के पूर्व सांसद और वरिष्ठ वकील सुब्रमण्यम स्वामी ने मामला दर्ज कराया था। सुब्रमण्यम स्वामी ने नवंबर 2012 में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में राहुल गांधी, सोनिया गांधी पर धोखाधड़ी कर AJL की संपत्ति अपने नाम कराने का आरोप लगाया था।