अमेरिकी अरबपति एलन मस्क के स्वामित्व वाली स्पेसएक्स को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। SpaceX के साथ सरकारी अनुबंधों का मूल्यांकन करने के बाद ट्रंप प्रशासन इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि उनमें से अधिकांश को बनाए रखना आवश्यक है। इसकी वजह यह है कि वे पेंटागन और नासा के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने रविवार को सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।
ट्रंप प्रशासन की अनुबंध समीक्षा और स्पेसएक्स वार्ता
वॉल स्ट्रीट जर्नल के सूत्रों के अनुसार, जून की शुरुआत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह घोषणा की थी कि वह कुछ दिनों बाद एलन मस्क के साथ मौजूदा सरकारी अनुबंधों का पुनर्मूल्यांकन करेंगे। इसी के मद्देनजर ट्रंप प्रशासन ने अरबों डॉलर के समझौतों में संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए अनुबंधों की समीक्षा शुरू की। स्पेसएक्स की अध्यक्ष ग्वेने शॉटवेल ने स्पेसएक्स अनुबंधों के मूल्यांकन के दौरान व्हाइट हाउस के अधिकारियों से मुलाकात की।
स्पेसएक्स अनुबंधों की जांच पर विचार
समाचारपत्र के एक सूत्र ने कहा कि स्पेसएक्स के कुछ अनुबंधों की आगे जांच की जा सकती है। समाचारपत्र ने कहा कि अनुबंधों का मूल्यांकन स्पेसएक्स का एक प्रमुख रॉकेट निर्माता के रूप में और विश्व के मुख्य उपग्रह इंटरनेट संचार प्रदाता की स्थिति को उजागर करता है। जून में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और अरबपति मस्क के बीच सार्वजनिक विवाद शुरू होने के बाद व्हाइट हाउस ने रक्षा विभाग और नासा को स्पेसएक्स के साथ बड़े अनुबंधों पर विस्तृत जानकारी एकत्रित करने का निर्देश दिया था।
ट्रंप द्वारा स्पेसएक्स के साथ अनुबंध समाप्त करने की धमकी के बाद एलन मस्क ने कहा था कि वह ड्रैगन अंतरिक्ष यान उड़ाना बंद कर सकते हैं। इससे अंतरिक्ष एजेंसी यात्रियों को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भेजने और वापस लाने की क्षमता खो सकती थी।
क्यों बढ़ा राष्ट्पति ट्रंप और एलन मस्क के बीच तनाव
एलन मस्क बाद में अपनी धमकी पर पीछे हट गए लेकिन उनकी घोषणा ने नासा अधिकारियों में चिंताएं उत्पन्न कर दी जिन्होंने स्पेसएक्स पर अपने अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित रखने का भरोसा किया था और पेंटागन अपने महत्वपूर्ण उपग्रहों को प्रक्षेपित करने के लिए उनकी कंपनी पर अधिक निर्भर है। दरअसल मई माह के अंत में राष्ट्रपति कार्यालय ने एलन मस्क के करीबी जेरेड इसाकमैन को नासा प्रशासक के पद से हटा दिया था जिसके बाद राष्ट्पति ट्रंप और एलन मस्क के बीच तनाव बढ़ गया था।