Epstein Files: आखिर झुके ट्रंप, दुनिया के सबसे बड़े सेक्स स्कैंडल की फाइलें खुलने को तैयार

ट्रंप के ऐतिहासिक हस्ताक्षर के बाद जेफरी एपस्टीन फाइलें अब सार्वजनिक होने की कगार पर हैं। इसके साथ ही सत्ता, साजिश और सच के टकराव से भरी दुनिया का परदा उठने वाला है।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड20 Nov 2025, 10:44 AM IST
एपस्टीन फाइल्स में छिपे राज आएंगे सामने।
एपस्टीन फाइल्स में छिपे राज आएंगे सामने।(HT)

World's Biggest Sex Scandle: महीनों तक विरोध करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अंततः एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट पर हस्ताक्षर कर दिए। यह विधेयक न्याय विभाग को 30 दिन के भीतर यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी सभी फाइलें सार्वजनिक करने के लिए बाध्य करता है। इन फाइलों में जांच रिपोर्ट, बातचीत के दस्तावेज और उसकी 2019 की जेल मौत से संबंधित जानकारी शामिल है। ट्रंप पहले इन फाइलों को स्वेच्छा से जारी कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। दबाव तब बढ़ा जब पीड़ितों के समूह और रिपब्लिकन सांसदों ने खुलकर उनका विरोध शुरू किया।

डेमोक्रेट्स पर पलटवार, लेकिन हस्ताक्षर करने पड़े

हस्ताक्षर की घोषणा करते हुए ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि डेमोक्रेट्स इस मुद्दे को उनकी अद्भुत उपलब्धियों से ध्यान भटकाने के लिए उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया, 'अब शायद सच सामने आएगा कि एपस्टीन से जुड़े असल सवालों का जवाब किसे देना है।'

कांग्रेस में ऐतिहासिक एकजुटता

इस विधेयक ने अमेरिकी राजनीति में दुर्लभ एकता दिखाई। प्रतिनिधि सभा में इस विधेयक को 1 के मुकाबले 427 वोटों से समर्थन मिला जबकि सीनेट ने इसे सर्वसम्मति से पारित किया। यह वह क्षण था जिसने ट्रंप को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। सप्ताहांत तक ही उनके विरोध टूटने के संकेत मिलने लगे थे।

बिना बहाने फाइल जारी करने का आदेश

नया कानून स्पष्ट करता है कि न्याय विभाग केवल उन्हीं हिस्सों को ब्लैकआउट कर सकता है जो पीड़ितों से जुड़े चल रहे मामलों को प्रभावित कर सकते हैं। लेकिन वह राजनीतिक संवेदनशीलता, शर्मिंदगी या प्रतिष्ठा हानि के आधार पर किसी जानकारी को नहीं रोक सकता। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि प्रशासन कानूनी प्रक्रियाओं और जांच का हवाला देकर कुछ दस्तावेजों को देर तक रोक सकता है। इसी आशंका में सीनेट में टॉप डेमोक्रेट चक शूमर ने चेतावनी दी। उन्होंने कहा, 'कोई खेल नहीं चलेगा। राष्ट्रपति को कानून का पालन ईमानदारी से करना होगा।'

सत्ता, धन और काली सच्चाइयों के जाल का मालिक

जेफरी एपस्टीन वित्तीय जगत का बड़ा नाम था, जिसके संपर्क अरबपतियों, राजनेताओं, अधिकारियों, शिक्षाविदों और सेलिब्रिटीज तक फैले थे। उसे नाबालिग लड़कियों की सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में दोषी ठहराया गया था। 2019 में जेल में उसकी मौत ने दुनिया भर में साजिशों और शक को जन्म दिया। हालांकि, उसकी मौत को आत्महत्या बताया गया।

पुरानी जान-पहचान और उठते सवाल

हालांकि ट्रंप कहते रहे हैं कि उन्होंने वर्षों पहले एपस्टीन से दूरी बना ली थी, लेकिन कई अवसरों पर दोनों को साथ देखा गया था। हाल ही में जारी 20,000 से अधिक पन्नों में एपस्टीन का एक सनसनीखेज दावा भी मिला, जिसमें कहा गया है, 'मैं ही ट्रंप को गिरा सकता हूं… मुझे पता है वो कितना गंदा है।' इस पंक्ति ने राजनीतिक हलकों में नया तूफान खड़ा कर दिया।

चौंकाती है एपस्टीन फाइल्स में शामिल यह सूची

हाल में सार्वजनिक दस्तावेजों में राजनीति, राजघरानों, टेक वर्ल्ड, मनोरंजन उद्योग और वित्तीय जगत के कई बड़े नाम सामने आए। इनमें शामिल हैं- डोनाल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन, लैरी समर्स, रॉबर्ट एफ केनेडी जूनियर, पूर्व प्रिंस एंड्रयू, एलन मस्क, पीटर थिएल, टॉम प्रिट्जकर, नाओमी कैंपबेल, क्रिस टकर, माइकल जैक्सन, मिक जैगर, घिसलेन मैक्सवेल, एलन डेर्शोविट्ज, ग्लेन डुबिन और अन्य दर्जनों नाम। लेकिन यह ध्यान रखना होगा कि किसी दस्तावेज में नाम होना दोष साबित नहीं करता।

जवाबदेही, भय और वैश्विक जिज्ञासा

यह दुनिया के सबसे बड़े सेक्स स्कैंडल में से एक है, जिसके राज सत्ता, धन और दुरुपयोग के सबसे अंधेरे कोनों को उजागर कर सकते हैं। कानून पारित हो चुका है, लेकिन यह देखना बाकी है कि प्रशासन कितनी पारदर्शिता दिखाता है और कौन-कौन से राज सचमुच सामने आते हैं।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़Epstein Files: आखिर झुके ट्रंप, दुनिया के सबसे बड़े सेक्स स्कैंडल की फाइलें खुलने को तैयार
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़Epstein Files: आखिर झुके ट्रंप, दुनिया के सबसे बड़े सेक्स स्कैंडल की फाइलें खुलने को तैयार