Trump tariff on China: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने का एक फॉर्मूला सुझाया है। उनका कहना है कि अगर नाटो देश मिलकर रूस से तेल खरीदना बंद कर दें और चीन पर 50% से 100% तक टैरिफ (यानी आयात शुल्क) लगा दें, तो यह जंग खत्म हो सकती है।
ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नाटो देश इस जंग को रोकने के लिए पूरी तरह से कमिटेड नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कुछ नाटो देश आज भी रूस से तेल खरीद रहे हैं, जो उन्हें चौंकाने वाला लगता है। ट्रंप के मुताबिक, ऐसा करने से रूस से बातचीत करने की ताकत काफी कमजोर पड़ जाती है।
कौन खरीद रहा है रूसी तेल?
ऊर्जा और स्वच्छ वायु अनुसंधान केंद्र (CREA) के आंकड़ों के मुताबिक, चीन और भारत के बाद नाटो का सदस्य देश तुर्किये रूस से सबसे ज्यादा तेल खरीद रहा है। रूसी तेल खरीदने वाले 32 देशों के गठबंधन के अन्य सदस्यों में हंगरी और स्लोवाकिया भी शामिल हैं।
चीन पर क्यों टारगेट?
ट्रंप ने कहा कि चीन का रूस पर बहुत मजबूत कंट्रोल है। अगर चीन पर सख्त टैरिफ लगाए जाएं तो उसकी पकड़ टूट जाएगी। उन्होंने ये भी जोड़ा कि अगर रूस-यूक्रेन जंग खत्म हो जाती है, तो ये टैरिफ वापस लिए जा सकते हैं।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का नाम नहीं लिया। बल्कि उन्होंने जिम्मेदारी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की पर डाल दी।