Udhampur Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक बड़ा हादसा हुआ है। ऊधमपुर के रामनगर के कघोट इलाके में एक यात्री बस पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हादसे के बाद बचाव कार्य जारी है, जिसमें पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मदद कर रहे हैं। वहीं घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कघोटे इलाके में एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर यात्री बस करीब 70 से 80 फीट गहरी खाई में गिर गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेके14डी2121 सुबह रामनगर से ऊधमपुर आ रही थी। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिनमें सरकारी कर्मचारी, स्कूल व कालेज के शिक्षक और विद्यार्थी शामिल बताए जा रहे हैं। सुबह करीब 9:40 बजे बस चालक ने कघोट इलाके में मोड़ काटते समय बस से अपना नियंत्रण खो दिया। जिससे बस सड़क से 80 मीटर नीचे पलट कर उलटी होकर गिरी और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
राज्य के उपराज्यपाल और सीएम ने शोक प्रकट किया
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को उधमपुर जिले में सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश भी दिया।
उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा कि उधमपुर में हुआ यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि - पीएम मोदी
वहीं इस हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
(न्यूज एजेंसी भाषा के साथ)