IAS Transfer: नए साल की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में अहम बदलाव देखने को मिला है। 2026 के पहले ही दिन योगी सरकार ने प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने के इरादे से बड़ा फैसला लेते हुए 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है।
कौन-कौन से बड़े अफसर बदले गए?
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, निर्वाचन, शिक्षा, राजस्व, सहकारिता और स्वास्थ्य जैसे अहम विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विशेष सचिव निर्वाचन विभाग रहे अखंड प्रताप सिंह को अब सचिव निर्वाचन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, हालांकि वे अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी का पद पहले की तरह संभालते रहेंगे।
वहीं, अब तक प्रभारी महानिरीक्षक निबंधन रहीं नेहा शर्मा को निबंधन विभाग की पूरी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इसी तरह, प्रभारी महानिदेशक स्कूल शिक्षा के रूप में काम कर रहीं मोनिका रानी को अब स्थायी तौर पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा बना दिया गया है।
राजस्व, चिकित्सा और सहकारिता विभाग में बदलाव
योगेश कुमार को आयुक्त एवं निबंधक सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव अपर्णा यू को अब प्रमुख सचिव, राजस्व विभाग बनाया गया है।
इसके अलावा वित्त विभाग की सचिव डॉ. सारिका मोहन को चिकित्सा शिक्षा विभाग का सचिव बनाने के साथ-साथ महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इनके अलावा गृह , वित्त और समाज कल्याण विभाग में भी वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है।
सरकार का मानना है कि इस फेरबदल से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनेगा। नए साल की शुरुआत में किया गया यह फैसला आने वाले महीनों में शासन की प्राथमिकताओं को भी साफ तौर पर दिखाता है।