HT समिट को संबोधित करते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधी आबादी को उसका अधिकार मिलना चाहिए और इसके लिए हम लोगों ने हर एक स्तर पर उन्हें उचित मंच देने का प्रयास किया है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के साथ ही मातृ वंदना योजना और फिर अलग-अलग सेक्टर में उन्हें उचित मंच देते हुए नारी वंदन अधिनियम तक एक बड़ी रेखा देशवासियों के सामने खींची है। उससे प्रेरित होकर के उत्तर प्रदेश में भी हम लोगों ने बहुत सारे कदम उढ़ाए हैं।
बेटी के जन्म से शादी तक की व्यवस्था
सीएम योगी ने कहा कि यूपी में बेटी के जन्म लेने से लेकर के उसके स्नातक तक की पढ़ाई के लिए एक आर्थिक पैकेज की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बेटी के विकास के लिए मौके उपलब्ध करवाना हो, एजुकेशन की व्यवस्था हो या मुफ्त पढ़ाई हो सबकी व्यवस्था की गई है। बेटी शादी योग्य हो गई तो मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से हम लोग प्रत्येक बेटी की शादी में 1 लाख की सहायता उस सामूहिक विवाह योजना में उपलब्ध करवाते हैं।
7 साल में 34 हाजर बेटियां पुलिस में भर्ती
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटी की शादी होने के बाद भी अगर कोई बेटी नौकरी करना चाहती है तो उसके लिए कुछ जगहों पर हमने एक स्पेशल व्यवस्था की है। जैसे उत्तर प्रदेश पुलिस बल में हम लोग जब आए थे उस वक्त महिलाओं की संख्या मात्र 10 हजार थी। आज उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की संख्या 44,000 से अधिक है। इस तरह से महज 7 साल में उनकी सरकार ने 34 हजार बेटियों को यूपी पुलिस में नौकरी दी है।
कई क्षेत्रों में बेटियों को आगे बढ़ायाः योगी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला स्वयंसेवी समूह के माध्यम से आज एक व्यवस्था बनाई गई है। इसके तहत बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों में महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए उनकी भर्ती के कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। नर्सिंग, पैरामेडिकल मेडिकल और अन्य क्षेत्रों में भी उनके रास्ते खोले गए। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 90 हजार महिला स्वयंसेवी समूह काम कर रहे हैं।
पोषण योजना से माफिया का कब्जा हटा
एचटी समिट में बोलते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 2017 में उनकी सरकार आने से पहले यूपी में सरकारी योजनाओं पर माफिया का कब्जा था। महिलाओं और बच्चों के लिए चलाए जा रहे पोषण अभियान पर माफिया हावी रहते थे, वही रेसिपी तय करते थे। सीएम योगी ने कहा कि उस दौर में बड़ी विडंबना थी कि यूपी के अंदर वही शराब माफिया उनके लिए पौष्टिक आहार भेजता था जो उत्तर प्रदेश के अंदर शराब की सप्लाई करता था। योगी ने कहा कि हम भौंचक थे ये देख कर, हमने सारा अभियान वहां से लेकर एक महिला स्वयंसेवी समूह को दिया। इनके लिए एचआर प्लांट स्थापित करवाए, आज ये अच्छा पौष्टिक आहार उपलब्ध करवा रहे हैं।
रफ्तार से चल रहा लखपति दीदी कार्यक्रम
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के अंदर लखपति दीदी का कार्यक्रम हो या ड्रोन दीदी का कार्यक्रम हो, इसको तेजी के साथ आगे बढ़ाने का कार्य भी हुआ है। हमने मिशन शक्ति के अंदर महिलाओं की सुरक्षा उनका सम्मान और उनके स्वावलंबन के एक बड़े अभियान को अपने हाथों में लिया है। इसमें सभी 5,700 ग्राम पंचायतों में महिला बीट पुलिस अधिकारी की तैनाती, ग्राम सचिवालय के साथ उन्हें हर प्रकार की सुविधाओं से लैस किया गया है।
यूपी की महिलाओं को सुरक्षा का एहसास
सीएम योगी ने कहा कि महिलाएं प्रदेश के कार्यक्रमों को केंद्र सरकार से जुड़े हुए वेलफेयर के स्कीम को लाभ भी ले रही हैं और उसके माध्यम से समाज को भी लाभ पहुंचाने में योगदान दे रही हैं। एचटी समिट में बोलते हुए यूपी के सीएम योगी ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि उत्तर प्रदेश की महिलाओं को सुरक्षा का एहसास हो रहा है।