India-US Relations: अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने साफ कहा है कि उसे भारत के साथ वाणिज्यिक यानी कमर्शियल और बाकी दूसरे रिश्तों को लगातार बेहतर करते रहना चाहिए। उनका कहना है कि ऐसा करने से भारत को क्वाड ग्रुप में ज्यादा एक्टिव तरीके से भाग लेने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र और क्वाड में भारत की भूमिका
अमेरिका की नई सुरक्षा रणनीति में बताया गया है कि हिंद-प्रशांत यानी इंडो-पैसिफिक की सुरक्षा में भारत की बड़ी भूमिका हो सकती है। इसमें ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका पहले से शामिल हैं और इस ग्रुप को क्वाड कहा जाता है। अमेरिका चाहता है कि यहां भारत और ज्यादा अहम रोल निभाए।
सुरक्षा रणनीति में भारत का खास जिक्र
ट्रंप प्रशासन ने गुरुवार देर रात एक दस्तावेज जारी किया है, जिसमें अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति के बारे में कई बातें कही गई हैं। इसमें यह भी बताया गया है कि भारत के साथ मजबूत संबंध बनाना इसलिए जरूरी है ताकि दक्षिण चीन सागर और पूरे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों को मिलकर संभाला जा सके।
ट्रंप ने क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति पर अपने संदेश में कहा, "यह दस्तावेज यह सुनिश्चित करने का खाका है कि अमेरिका मानव इतिहास में सबसे महान और सबसे सफल राष्ट्र बना रहे और पृथ्वी पर स्वतंत्रता बनी रहे। आने वाले वर्षों में, हम अपनी राष्ट्रीय शक्ति के हर आयाम को विकसित करना जारी रखेंगे और हम अमेरिका को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, समृद्ध, स्वतंत्र, महान और शक्तिशाली बनाएंगे।"
आगे भी मजबूत रिश्तों का इशारा
इस रणनीति में साफ तौर पर कहा गया है कि अमेरिका को भारत के साथ कमर्शियल और दूसरे क्षेत्रों में रिश्तों को बढ़ाते रहना चाहिए, ताकि भारत हिंद-प्रशांत सुरक्षा ढांचे का और मजबूत हिस्सा बन सके।