Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। यहां मौदानी इलाकों में तेज बारिश देखने मिली है, जबकि पर्वतीय इलाकों में हिमपात होने से ठिठुरन बढ़ गई है। राज्य के सभी 13 जिलों में मंगलवार शाम से तेज हवा के साथ बारिश और पर्वतीय इलाकों में बुधवार को बर्फबारी जारी रही। मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही है। तेज हवाओं और ऊंचाई वाले स्थानों पर रूक रूक कर हो रहे हिमपात ने अप्रैल में दिसंबर, जनवरी जैसी हाड़ कंपाने वाली ठंड का अहसास कराया दिया है। लोगों को गर्म कपड़े पहनने या फिर घर में बन्द होने के लिए मजबूर होना पड़ रहा हैं।
आज इन जगहों पर हुई बर्फबारी
पिछले 24 घंटों से बदले मौसम के कारण राज्य के सभी जिलों के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज कई जगहों पर अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वहीं, अगले तीन से चार दिनों में कई जगहों पर अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रुद्रप्रयाग जिले के हेमकुंड साहब, केदारनाथ, चमोली जिले में बदरीनाथ, पिथौरागढ़, अल्मोडा जिलों के 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज भी हिमपात हो रहा है।
गुरुवार को इन इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग देहरादून से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने का अनुमान है। राज्य के बाकी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से मध्यम या गरज के साथ बारिश हो सकती है।
शुक्रवार को यहां हो सकती है बारिश और बर्फबारी
इसके अलावा, राज्य के मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। इसी तरह शुक्रवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की या फिर गरज के साथ बारिश और 3700 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है।