Vedanta Power Plant Blast: सक्ती हादसे में मरने वालों की संख्या हुई 17, मृतकों के नाम जारी

Vedanta Power Plant Blast: बीते कल छत्तीसगढ़ के सक्ती में हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। प्रशासन ने पहचान कर मृतकों की लिस्ट जारी की है। 

Shivam Shukla( विद इनपुट्स फ्रॉम वार्ता)
अपडेटेड15 Apr 2026, 02:27 PM IST
Vedanta Power Plant Blast (फोटो क्रेडिट PTI)
Vedanta Power Plant Blast (फोटो क्रेडिट PTI)(Handout)

Vedanta Power Plant Blast: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में मरने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। प्रशासन ने इस विस्फोट में मारे गये लोगों की पहचान कर उनकी लिस्ट जारी कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में पांच पश्चिम बंगाल, तीन झारखंड, दो बिहार, दो उत्तर प्रदेश, और पांच छत्तीसगढ़ (तीन सक्ती, एक जांजगीर और एक रायगढ़ जिले) के निवासी हैं।

ये हैं मृतकों के नाम

मृतकों के नाम रितेश कुमार, अमृत लाल पटेल, ठंडाराम लहरे, तरुण कुमार ओझा, अक़ीब खान, सुशांता जाना, अब्दुल करीम, उदब सिंह यादव, शेख सैफुदिन, पप्पू कुमार, अशोक परहिया, मानस गिरी, बृजेश कुमार, रामेश्वर महिलांगे, कार्तिक महतो, नदीम मन्सारी ,और शिबनाथ मुर्बु हैं। घटना के बाद जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर लगातार काम कर रहे हैं। घायलों का उपचार नजदीकी अस्पतालों में जारी है। राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

प्रदेश कांग्रेस ने जांच कमेटी का किया गठन

इस हादसे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच समिति का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में समिति गठित की गई है। इस समिति में नोबेल वर्मा, रामकुमार यादव, अटल श्रीवास्तव, बालेश्वर साहू, राघवेन्द्र सिंह, व्यास कश्यप, शेषराज हरवंश, रश्मि गबेल और राजेश अग्रवाल को सदस्य बनाया गया है। समिति में पूर्व मंत्री, विधायक और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी शामिल हैं।

इन बिंदुओं पर होगी जांच

पार्टी का कहना है कि इस जांच के माध्यम से हादसे के कारणों, सुरक्षा मानकों की स्थिति और संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। वहीं, प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की तरफ से भी अपने स्तर पर जांच और राहत कार्य जारी होने की जानकारी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू की ओर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संबंधित पदाधिकारियों को भी भेजी गई है।

मुआवजे का किया ऐलान

धटना के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने सभी घायलों के निःशुल्क और समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

वेदांता प्रबंधन ने भी मुआवजे का किया ऐलान

वेदांता प्रबंधन ने भी मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये मुआवजा एवं एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 15-15 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमन्यूज़Vedanta Power Plant Blast: सक्ती हादसे में मरने वालों की संख्या हुई 17, मृतकों के नाम जारी
More