
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भीषण धमाके से दहल गई। लाल किले के सामने ट्रैफिक सिग्नल पर एक कार में हुए जबरदस्त विस्फोट में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से पूरी दिल्ली और आसपास के राज्यों में हाई अलर्ट है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की जांच NIA और NSG जैसी शीर्ष एजेंसियों को सौंप दी गई है। पेश है दिल्ली धमाके से जुड़े 10 बड़े अपडेट्स...
शाम करीब 6:52 बजे लाल किले के सामने सुभाष मार्ग पर ट्रैफिक सिग्नल पर धीमी गति से चल रही एक i20 कार में यह भीषण धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि कार में तीन लोग सवार थे। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के कई वाहनों में आग लग गई और कुछ के परखच्चे उड़ गए। धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई और मलबे के साथ लोगों के चीथड़े दूर तक जा गिरे।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों को पास के एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। गनीमत रही कि सोमवार होने के कारण लाल किला पर्यटकों के लिए बंद था, वरना हताहतों की संख्या कहीं ज्यादा हो सकती थी। हालांकि, पास के चांदनी चौक बाजार में शाम के वक्त भारी भीड़ थी।
धमाके के चश्मदीदों ने खौफनाक मंजर बयां किया। एक प्रत्यक्षदर्शी अमित मुदगल ने बताया कि धमाके के बाद किसी व्यक्ति का कटा हुआ हाथ शर्ट समेत उनके ठीक पीछे आकर गिर गया। वहीं एक घायल ऑटो चालक ने बताया कि उसके ऑटो के आगे चल रही कार में अचानक धमाका हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग "बम फट गया" चिल्लाते और जान बचाने के लिए भागते दिखे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा तुरंत शीर्ष एजेंसियों को सौंपा गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच के अलावा NIA (राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण) और NSG (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) की टीमें एफएसएल और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंच गईं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि आतंकी साजिश समेत हर एंगल से मामले की गहन जांच होगी और मंगलवार सुबह एक उच्च स्तरीय बैठक की जाएगी। अभी तक की जांच में पता चला है कि धमाके वाली i20 कार हरियाणा की थी जिसका रजिस्ट्रेशन मोहम्मद सलमान के नाम पर है। न्यूज चैनल आजतक ने बताया कि पुलिस ने सलमान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि इस कार को उसने बेच दिया था।
धमाके के खौफ के चलते चांदनी चौक के व्यापारी संघ ने मंगलवार, 11 नवंबर को बाजार बंद रखने का ऐलान किया है। चांदनी चौक व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय भार्गव ने कहा कि व्यापारियों में भय का माहौल है, जिसके विरोध में यह फैसला लिया गया है। उन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की है।
इस धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पड़ोसी राज्यों हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, गुजरात और बिहार में हाई अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा के एनसीआर से सटे जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यूपी में अयोध्या और वाराणसी जैसे धार्मिक स्थलों पर गश्त बढ़ा दी गई है। भारत-नेपाल सीमा पर भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक्शन में आ गए। उन्होंने पहले दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की और फिर देर शाम एलएनजेपी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। अस्पताल से गृह मंत्री सीधे लाल किले के पास विस्फोट स्थल पर पहुंचे और वहां जांच का मुआयना किया।
इस कायराना हमले पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। पीएम मोदी ने 'X' पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से बात कर स्थिति की समीक्षा की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी समेत तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने घटना की निंदा की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
धमाके के बाद एलएनजेपी अस्पताल के बाहर दिल दहला देने वाला मंजर दिखा। अपने प्रियजनों की तलाश में पहुंचे लोग बदहवास थे। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल था और लोग जानकारी न मिलने से परेशान दिखे। कई परिजन अपने घायल बेटे या रिश्तेदारों से मिलने के लिए अस्पताल स्टाफ और पुलिस से मिन्नतें करते नजर आए।
यह धमाका ऐसे समय में हुआ है जब कुछ घंटे पहले ही हरियाणा के फरीदाबाद से एक कश्मीरी डॉक्टर मुजम्मिल गनी समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन लोगों के पास से 360 किलो संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट और हथियारों का जखीरा बरामद हुआ था। यह जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़ा एक आतंकी मॉड्यूल बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां अब इस आतंकी मॉड्यूल की गिरफ्तारी और दिल्ली धमाके के बीच के कनेक्शन को खंगाल रही हैं।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.