Kal ka mausam: ठंड, कोहरा और बिगड़ती हवा ने उत्तर भारत से लेकर कश्मीर और बंगाल तक लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं सांस लेना भारी हो रहा है, तो कहीं स्कूल बंद करने पड़ रहे हैं। इस बीच चलिए जानते हैं कि कल का मौसम किन राज्यों में राहत देगा और कहां परेशानी अभी बनी रहेगी।
दिल्ली में हवा और ठंड का डबल अटैक
दिल्ली-एनसीआर में हवा की हालत लगातार बिगड़ रही है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने हालात को देखते हुए GRAP-3 प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। शुक्रवार शाम चार बजे दिल्ली का AQI 354 दर्ज किया गया, जो पहले दिन से ज्यादा था। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच सकती है, इसलिए पाबंदियां जरूरी समझी गई हैं।
नोएडा में ठंड और कोहरे के कारण स्कूल बंद
भीषण ठंड और घने कोहरे को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूल शुक्रवार और शनिवार को बंद रहेंगे। यह आदेश CBSE, ICSE, IB, यूपी बोर्ड समेत सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा।
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने कहा कि लखनऊ और आसपास के इलाकों में दिन के समय आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, जबकि देर रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में कुछ जगहों पर ठंडे दिन की स्थिति रहने की संभावना है।
हरियाणा-पंजाब में ठंड बरकरार
हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत नहीं मिली है। रात का तापमान लगातार नीचे बना हुआ है और सुबह के वक्त घना कोहरा लोगों की आवाजाही पर असर डाल रहा है।
कश्मीर में बर्फबारी के आसार
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में हल्का सुधार दर्ज किया गया है और पारा औसत से ऊपर पहुंचा है। हालांकि मौसम विभाग ने घाटी के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। फिलहाल कश्मीर में ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर चल रहा है, जो 40 दिनों की कड़ी सर्दी का समय होता है। यह 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर की ओर बढ़ रहा है, जिसका प्रभाव मौसम पर पड़ सकता है। इसके प्रभाव से घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में अगले हफ्ते राहत की उम्मीद
पश्चिम बंगाल में अगले सप्ताह न्यूनतम तापमान 2–3 डिग्री बढ़ने की संभावना है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि अगले तीन दिनों तक कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है।
पंजाब में 18 जनवरी से बारिश के आसार
पंजाब और चंडीगढ़ में अगले दो दिन तक ठंड का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 18 जनवरी से कई इलाकों में बारिश हो सकती है। ठंड और कोहरे को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 से दोपहर 3 बजे कर दिया है। यह आदेश 21 जनवरी तक लागू रहेगा।
विथ इनपुट्स फ्रॉम एजेंसीज