आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का इंतजार खत्म होने जा रहा है। करोड़ों क्रिकेट फैंस जिस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वह शनिवार (7 फरवरी 2026) से शुरू होगा। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा लेंगी और 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक कुल 55 मैच खेले जाएंगे।
टी20 वर्ल्ड कप का उत्साह पूरे देश में देखने को मिल रहा है और हर कोई टीम इंडिया के मैच देखने को उत्साहित है। लेकिन फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि वे इस टूर्नामेंट को टीवी, डिजिटल, ऑडियो और अन्य प्लेटफॉर्म पर कहां लाइव देख सकते हैं।
इस साल इस टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। मुख्य टूर्नामेंट के अलावा आधिकारिक अभ्यास मैच (वार्म-अप मैच) भी कुछ चुनिंदा टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाएंगे।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 कहां देखें?
भारत में जियोस्टार (JioStar) स्टार स्पोर्ट्स चैनल के जरिए टूर्नामेंट का प्रसारण करेगा। इसके अलावा मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर भी उपलब्ध होगी।
टूर्नामेंट का हर मैच अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषा में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाया जाएगा। वहीं जियोहॉटस्टार पर बंगाली, भोजपुरी और हरियाणवी जैसी क्षेत्रीय भाषाओं में भी अतिरिक्त प्रसारण उपलब्ध रहेगा।
जियोहॉटस्टार पर टीम इंडिया के सभी मैच, सेमीफाइनल और फाइनल मराठी और भारतीय सांकेतिक भाषा में भी दिखाए जाएंगे। पहली बार जियोहॉटस्टार मोबाइल यूजर्स के लिए अंग्रेजी और हिंदी में वर्टिकल लाइव फीड भी पेश करेगा।
दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए 360 डिग्री व्यू और मल्टी-कैम विकल्प भी दिया जाएगा। इसके जरिए दर्शक हीरो व्यू, स्टंप व्यू, बैटरी व्यू, फील्ड व्यू और मल्टी-व्यू जैसे अलग-अलग एंगल से मैच देख सकेंगे।
क्या थिएटर में भी मैच देखने का मौका मिलेगा?
कई क्रिकेट फैंस के लिए बड़े पर्दे पर मैच देखना खास अनुभव होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जियोस्टार ने पीवीआर-इनॉक्स (PVR-Inox) के साथ साझेदारी की है। इसके तहत टी20 वर्ल्ड कप के दौरान देशभर के कई सिनेमाघरों में मैचों की स्क्रीनिंग की जाएगी। लाइव वीडियो प्रसारण के अलावा, ICC मोबाइल ऐप पर दुनियाभर के दर्शकों के लिए अंग्रेजी में लाइव ऑडियो कमेंट्री भी उपलब्ध होगी।
टी20 वर्ल्ड कप के मैच किन स्टेडियम में होंगे?
इस टूर्नामेंट के मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम, चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम, नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, कोलकाता के ईडन गार्डन्स, कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड और कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।