देश में ही बनेंगे 5वीं पीढ़ी के विमान…जानिए कौन है AMCA प्रोजेक्ट को लीड कर रहे डॉ. समीर कामत?

भारत अब अपना 5वीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान खुद बनाएगा। DRDO प्रमुख डॉ. समीर कामत ने बताया कि AMCA प्रोजेक्ट के तहत पहला प्रोटोटाइप 2029 तक तैयार होगा और 2035 से इसका प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा। आइए जानें कौन हैं, डॉ समीर कामत जो इस प्रोजेक्ट की कमान संभाल रहे हैं।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड30 May 2025, 04:17 PM IST
DRDO के चेयरमैन डॉ. समीर वी. कामत (फाइल फोटो)
DRDO के चेयरमैन डॉ. समीर वी. कामत (फाइल फोटो)(HT)

भारत अब खुद का 5वीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान बनाएगा और इस खास मिशन का नाम है AMCA यानी एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट। इस मिशन को डिफेन्स रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (DRDO) के चेयरमैन डॉ. समीर वी. कामत लीड कर रहे हैं।

हाल ही में प्रेस संग बातचीत में डॉ. कामत ने बताया कि AMCA प्रोजेक्ट के एग्जिक्यूसन मॉडल को मंजूरी मिल चुकी है। इसका मतलब ये है कि अब इस प्रोजेक्ट के लिए HAL (हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड) के साथ-साथ प्राइवेट सेक्टर की कंपनियां भी बोली लगा सकती हैं। वे अकेले भी या किसी दूसरे ग्रुप के साथ मिलकर इसमें पार्ट ले सकती हैं। इससे प्राइवेट सेक्टर को भी बड़ा मौका मिलेगा। 

डॉ. कामत ने कहा कि इस प्रोजेक्ट का पहला प्रोटोटाइप 2029 के आखिर तक तैयार हो जाएगा, और अगर सबकुछ प्लान के मुताबिक चला तो 2035 से इसका प्रोडक्शन शुरू हो सकता है। यानी भारत अब अपना इंडिजेनस 5th जनरेशन फाइटर एयरक्राफ्ट बनाने के बेहद करीब पहुंच चुका है।

आइए जानते हैं कौन हैं डॉ. समीर कामत और उन्हें इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी क्यों दी गई?

कौन हैं डॉ. समीर कामत?

डॉ. समीर वी. कामत ने 26 अगस्त 2022 को DRDO प्रमुख का पद संभाला। वह डिफेन्स R&D के सेक्रेटरी भी हैं। उनके पास विज्ञान और इंजीनियरिंग का लंबा अनुभव है। उन्होंने IIT खड़गपुर से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में B.Tech (Hons) किया और फिर अमेरिका के ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी से पीएचडी की। इसके बाद 1989 में DRDO से जुड़े। तब से लेकर आज तक वह देश की रक्षा तकनीक में कई बड़े बदलाव ला चुके हैं।

DRDO में रहते हुए डॉ. कामत ने हाई-स्ट्रेंथ स्टील, सुपर अलॉय, टाइटेनियम कंपोनेंट्स, स्टील्थ मैटेरियल, रेडोम, आर्मर सिस्टम और मिसाइल्स जैसे प्रोजेक्ट्स में अहम भूमिका निभाई। ये सभी टेक्नोलॉजीज अब देश के डिफेंस सिस्टम में इस्तेमाल हो रही हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने नेवी के लिए एडवांस टॉरपीडो, डिकॉय सिस्टम, अंडरवॉटर व्हीकल्स, और सबमरीन के लिए फ्यूल-सेल बेस्ड AIP सिस्टम भी विकसित करवाए हैं।

डॉ. कामत के नाम कई अवॉर्ड्स

डॉ. कामत को कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड भी मिल चुके हैं, जिनमें IIT खड़गपुर का Distinguished Alumni Award, Ministry of Steel का Metallurgist of the Year Award, और DRDO का Scientist of the Year Award शामिल है। वह Indian National Academy of Engineering और Institution of Engineers India के फेलो भी हैं। 

उन्होंने अब तक 180 से ज्यादा इंटरनेशनल जर्नल्स में रिसर्च पेपर पब्लिश किए हैं, जो उनकी वैज्ञानिक सोच और योगदान को साबित करते हैं।

आज जब भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब AMCA जैसा प्रोजेक्ट बेहद अहम है। और इस अहम मिशन की कमान एक ऐसे वैज्ञानिक के हाथ में है जिसने भारत की रक्षा तकनीक को मजबूत किया है। डॉ. समीर कामत और उनकी टीम पर अब देश की उम्मीदें टिकी हैं।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमन्यूज़देश में ही बनेंगे 5वीं पीढ़ी के विमान…जानिए कौन है AMCA प्रोजेक्ट को लीड कर रहे डॉ. समीर कामत?
More