
Who is Mithun Manhas: भारतीय क्रिकेट में नया अध्याय जुड़ने वाला है। दिल्ली के पूर्व कप्तान और अनुभवी क्रिकेटर मिथुन मन्हास का नाम बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए लगभग तय माना जा रहा है।
दिल्ली में हुई एक अनौपचारिक बैठक में मिथुन मन्हास का नाम अध्यक्ष पद के लिए सामने आया। इस बैठक में आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सचिव देवजीत सैकिया, डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली और पूर्व सचिव निरंजन शाह शामिल थे।
शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान मन्हास का नाम अध्यक्ष पद के लिए आया। उपाध्यक्ष पद के लिए राजीव शुक्ला, सचिव पद के लिए देवजीत सैकिया, संयुक्त सचिव के लिए प्रभतेज सिंह भाटिया और कोषाध्यक्ष के लिए रघुराम भट के नाम सामने आए।
राजीव शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा, "नामांकन में अध्यक्ष पद के लिए मिथुन मन्हास, उपाध्यक्ष पद के लिए मैं खुद, सचिव पद के लिए देवजीत सैकिया, संयुक्त सचिव पद के लिए प्रभतेज सिंह भाटिया और कोषाध्यक्ष पद के लिए रघुराम भट शामिल हैं।"
कर्नाटक और भारत के पूर्व स्पिनर रघुराम भट कोषाध्यक्ष पद संभालेंगे। वह फिलहाल कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं और अब बीसीसीआई की नई टीम में अहम भूमिका निभाएंगे।
मिथुन मन्हास भारतीय क्रिकेट के उन दिग्गजों में गिने जाते हैं जिन्होंने भले ही टीम इंडिया के लिए नहीं खेला, लेकिन घरेलू क्रिकेट में बड़ा नाम बनाया। 1997-98 में डेब्यू करने वाले मन्हास उस दौर के बल्लेबाज थे, जब सचिन, द्रविड़ और गांगुली जैसे सितारे टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर में छाए हुए थे।
दिल्ली टीम में वह भरोसेमंद कप्तान रहे। वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के टीम इंडिया में व्यस्त रहने पर टीम को उन्होंने ही संभाला। विराट कोहली ने भी घरेलू क्रिकेट की शुरुआत उनकी कप्तानी में की थी। 2007-08 का सीजन उनके लिए खास रहा, जब उन्होंने दिल्ली को रणजी ट्रॉफी जिताई और खुद 921 रन ठोके।
अपने करियर में मन्हास ने 157 फर्स्ट क्लास मैचों में 9714 रन बनाए और रणजी ट्रॉफी में 8554 रन उनके नाम हैं, जो इतिहास में सातवें सबसे ज्यादा हैं। उन्होंने आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेला। बाद में पंजाब, बांग्लादेश अंडर-19, आरसीबी और गुजरात टाइटन्स के साथ कोचिंग में भी जुड़े। कोचिंग और खेल से आगे बढ़कर, मन्हास प्रशासनिक अनुभव भी रखते हैं। वह जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन में क्रिकेट ऑपरेशंस डायरेक्टर भी रह चुके हैं।
बीसीसीआई के पदाधिकारियों का चुनाव 28 सितंबर को मुंबई में वार्षिक आम बैठक (AGM) में होगा। अगर तब तक नए नामांकन दाखिल नहीं हुए, तो दिल्ली बैठक में तय नामों को अंतिम माना जाएगा।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला अपने पद पर बने रहेंगे। वहीं प्रभतेज भाटिया संयुक्त सचिव बनेंगे। सौराष्ट्र के पूर्व कप्तान जयदेव शाह को बीसीसीआई की शीर्ष परिषद में शामिल किए जाने की संभावना है।
(इनपुट्स: वार्ता)
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.