प्रसिद्ध यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर नीतीश राजपूत इन दिनों एक विवाद में फंस गए हैं। उन पर SSC परीक्षा से जुड़े एक वीडियो को लेकर केस दर्ज किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके वीडियो में भ्रामक जानकारी दी गई थी, जिससे एक कंपनी की छवि को नुकसान पहुंचा है। नीतीश राजपूत भारत के जाने-माने यूट्यूबर्स में से एक हैं और सोशल व राजनीतिक मुद्दों पर कंटेंट बनाने के लिए पहचाने जाते हैं।
जानिए नीतीश राजपूत के बारे में
नीतीश राजपूत उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं। उनका जन्म 4 अक्टूबर 1989 को हुआ था। उन्होंने गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी से बी.टेक (आईटी इंजीनियरिंग) की पढ़ाई की है। फिलहाल वे दिल्ली में रहते हैं। नीतीश के यूट्यूब चैनल पर 80 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं और इंस्टाग्राम पर उनके 30 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
नीतीश राजपूत अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए समाज से जुड़े उन मुद्दों पर बात करते हैं, जिन पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता। उनके वीडियो लोगों के बीच चर्चा पैदा करते हैं, जिसकी वजह से उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है।
ओडिशा ट्रेन हादसा, आर्यन खान केस, जैकलीन केस और अमृतपाल सिंह केस जैसे विषयों पर उनके वीडियो को 4 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। ट्रेंडिंग मुद्दों पर गहरी समझ के कारण वे डिजिटल दुनिया में एक मजबूत पहचान बना चुके हैं।
जब पाकिस्तान में बैन हुए नितीश राजपूत
मई 2025 में नीतीश राजपूत ने ट्विटर पर दावा किया कि पाकिस्तान सरकार ने उनके यूट्यूब चैनल को पाकिस्तान में ब्लॉक कर दिया है। यह कार्रवाई उनके बलूचिस्तान पर बनाए गए एक वीडियो के कारण हुई। नीतीश ने बताया कि उन्हें इस मामले में यूट्यूब की तरफ से दो नोटिस भी मिले हैं।
यह घटना भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के दौरान सामने आई। 7 मई की रात को भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था, जिसमें पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी।
नीतीश राजपूत ने ट्विटर पर लिखा, “पाकिस्तान ने पाकिस्तान में मेरा यूट्यूब चैनल ब्लॉक कर दिया है।” इसके बाद उन्होंने बताया कि बलूचिस्तान वीडियो को लेकर पाकिस्तानी सरकार ने एक और कानूनी शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद वह वीडियो पाकिस्तान में बैन कर दिया गया है और अब वहां उपलब्ध नहीं है।