White House Shooting: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी ने सबको चौंका दिया। इस हमले में वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तुरंत 500 अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती का आदेश दिया। जैसे-जैसे मामला सामने आया, हमलावर की पहचान का भी खुलासा हो गया। CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल गार्ड्स पर हमला करने वाले शख्स का नाम रहमानुल्लाह लकनवाल है। आखिर ये शख्स है कौन, किस वजह से उसने जवानों पर हमला किया और उसका बैकग्राउंड क्या है, इसकी जांच अब तेजी से चल रही है।
रहमानुल्लाह लखनवाल कौन है?
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लकनवाल 29 साल का अफगान नागरिक है, जो 2021 में अमेरिका आया था। वह अफगानिस्तान से आए उन हजारों लोगों में शामिल था जिन्हें अमेरिका ने Operation Allies Welcome के तहत शरण दी थी। यह वही प्रोग्राम है जिसके जरिए 76,000 से ज्यादा अफगान नागरिक अमेरिका पहुंचे, ज्यादातर वे लोग जो सालों तक अमेरिकी सैनिकों के साथ काम करते थे।
अफगान आर्मी में 10 साल तक दी सेवा
लकनवाल के परिवार का कहना है कि वह अफगान आर्मी में 10 साल तक रहा और कंधार के एक बेस पर तैनात था। तालिबान के कब्जे के बाद उसने परिवार के साथ अमेरिका का रुख किया। उसके रिश्तेदारों ने बताया कि वह अमेरिका का समर्थन करता था और अफगानिस्तान में सेवा के दौरान घायल भी हुआ था।
परिवार की प्रतिक्रिया
उसके रिश्तेदारों ने बताया कि लखनवाल की पत्नी और पांच बेटे हैं। परिवार ने कहा कि वे खुद तालिबान के निशाने पर रहे थे और उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि लकनवाल ऐसा कर सकता है। एक रिश्तेदार ने कहा, “मैं समझ नहीं पा रहा कि यह कैसे हुआ।”
क्या यही व्यक्ति अब व्हाइट हाउस के पास फायरिंग का आरोपी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लकनवाल को मौके पर ही गोली मारकर पकड़ लिया गया। वह अकेले था और माना जा रहा है कि उसका टारगेट वेस्ट वर्जीनिया के नेशनल गार्ड सदस्य थे। अभी तक यह साफ नहीं है कि उसने हमला क्यों किया। उसका पूरा बैकग्राउंड, मानसिक स्थिति और हाल के व्यवहार की जांच की जा रही है।
आगे क्या?
अभी तक उस पर कोई औपचारिक आरोप दर्ज नहीं किया गया है। FBI और अन्य एजेंसियां उसकी पूरी हिस्ट्री खंगाल रही हैं। उसकी ट्रेनिंग, मेडिकल स्थिति, और हाल के संपर्कों तक, ताकि यह समझा जा सके कि इस घटना की असल वजह क्या थी।