Who is Tarique Rahman: बांग्लादेश में किसकी सत्ता आएगी, इसका फैसला जल्द ही आ जाएगा। छात्र आंदोलन के बाद जुलाई 2024 में शेख हसीना का 15 साल लंबा शासन खत्म हुआ था, और अब करीब 18 महीने बाद देश में नई सरकार बनने की तस्वीर साफ होती दिख रही है। शुरुआती रुझानों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी यानी BNP सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है।
300 सदस्यीय संसद में 200 से ज्यादा सीटें
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने 300 सदस्यीय जातीय संसद में 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की है। इन नतीजों के साथ बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के प्रधानमंत्री पद संभालने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में अब लोगों के मन में उन्हें जानने की दिलचस्पी भी बढ़ गई है। चलिए जानते हैं कौन हैं तारिक रहमान।
कौन हैं तारिक रहमान?
तारिक रहमान का जन्म 20 नवंबर 1965 को ढाका में हुआ था। वे पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी की प्रमुख नेता खालिदा जिया के बेटे हैं। 2008 में सैन्य समर्थित सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के दौरान हिरासत के बाद वे देश छोड़कर लंदन चले गए थे। शेख हसीना के शासनकाल में उन पर कई भ्रष्टाचार और आपराधिक मामले दर्ज हुए, जिन्हें उन्होंने हमेशा ‘राजनीतिक बदले की कार्रवाई’ बताया।
अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद हालात बदले और दिसंबर 2024 में वे 17 साल बाद बांग्लादेश लौटे। उनकी वापसी पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। वापसी के पांच दिन बाद ही उनकी मां खालिदा जिया का निधन हो गया।
सत्ता में वापसी
सरकार बदलने के बाद तारिक रहमान को पुराने मामलों से राहत मिली। इसके बाद उन्होंने सीधे पार्टी की कमान संभाली। चुनावी प्रचार, उम्मीदवारों का चयन और गठबंधन रणनीति सब कुछ उनके नेतृत्व में तय हुआ। 13वें राष्ट्रीय चुनाव में उन्होंने पार्टी को 200 से ज्यादा सीटों के आंकड़े तक पहुंचाया और अब वे प्रधानमंत्री बनने की दहलीज पर खड़े हैं।
देश की राजनीति में नया अध्याय
बीएनपी की संभावित वापसी बांग्लादेश की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है। 15 साल तक सत्ता में रही शेख हसीना के बाद अब देश की बागडोर एक नए नेतृत्व के हाथ में जाती दिख रही है। आने वाले दिनों में अंतिम नतीजे साफ होंगे, लेकिन फिलहाल तस्वीर यही दिखा रही है कि तारिक रहमान देश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।