
मिलान-कोर्तिना विंटर ओलंपिक्स 2026 की शुरुआत अब बस होने ही वाली है। ओपनिंग सेरेमनी को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त उत्साह है। बता दें कि इटली में होने वाले इस विंटर ओलंपिक में करीब 2,900 एथलीट हिस्सा लेंगे। दो हफ्तों तक बर्फ और बर्फीले मैदान पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। यह पहला मौका है जब विंटर ओलंपिक्स की मेजबानी दो शहर मिलकर कर रहे हैं। मिलान में आइस इवेंट्स होंगे, जबकि कोर्तिना द’आम्पेजो में स्नो स्पोर्ट्स खेले जाएंगे। ओपनिंग सेरेमनी में पारंपरिक परेड ऑफ नेशंस, ओलंपिक मशाल जलाने और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलों का भव्य आगाज होगा। आइए जानते हैं पूरी खबर को विस्तार से।
ओपनिंग सेरेमनी शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 को होगी। भारतीय समय के मुताबिक यह कार्यक्रम शनिवार सुबह करीब 1 बजे शुरू होगा। इटली के स्थानीय समय के हिसाब से समारोह शाम के वक्त रखा गया है, ताकि दुनियाभर के दर्शक इसे लाइव देख सकें। ओलंपिक की शुरुआत का यह पल हमेशा खास होता है। दरअसल, यहीं से खिलाड़ियों और देशों के बीच खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की असली कहानी शुरू होती है।
इस बार ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन मिलान के मशहूर सैन सिरो स्टेडियम में किया जाएगा। यह वही स्टेडियम है, जो आमतौर पर फुटबॉल के बड़े मुकाबलों के लिए जाना जाता है, लेकिन अब इसे ओलंपिक मंच में बदला जा रहा है। विशाल स्टेडियम में सभी देशों के खिलाड़ी अपने-अपने झंडों के साथ मैदान में उतरेंगे। साथ ही यहीं ओलंपिक मशाल जलाकर खेलों की आधिकारिक शुरुआत की जाएगी, जिसमें इटली की संस्कृति और इतिहास की झलक भी देखने को मिलेगी।
सेरेमनी का थीम ‘आर्मोनिया’ यानी ‘हार्मनी’ रखा गया है, जो एकता, संतुलन और साथ मिलकर आगे बढ़ने का संदेश देता है। कार्यक्रम में हॉलीवुड और इटली के बड़े सितारे परफॉर्म करेंगे। मशहूर पॉप सिंगर मारिया कैरी की दमदार परफॉर्मेंस इस शाम का बड़ा आकर्षण होगी। उनके अलावा इटली के दिग्गज टेनर आंद्रेआ बोचेली, सिंगर लॉरा पाउजिनी और मशहूर कलाकार भी मंच पर नजर आएंगे। यह सेरेमनी भावनाओं, संगीत और भव्य प्रस्तुति का शानदार संगम होगी।
ओलंपिक मशाल 26 नवंबर 2025 को ग्रीस के ओलंपिया में जलाई गई थी, जो रोम समेत पूरे इटली का सफर तय करते हुए अब मिलान पहुंच चुकी है। टीम USA की ओर से स्पीड स्केटर एरिन जैक्सन और बॉबस्लेडर फ्रैंक डेल डुका झंडा थामेंगे। ओपनिंग सेरेमनी के बाद सभी की नजरें रोमांचक मुकाबलों पर होंगी, जहां दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ी पदकों के लिए बर्फीले मैदान पर अपनी ताकत दिखाएंगे।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.