पश्चिम बंगाल में 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा। इस बाद का दावा ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के विधायक हुमायूं कबीर ने किया है। मुर्शीदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद निर्माण शिलान्यास कार्यक्रम का दावा किया जा रहा है इससे संबंधित पोस्टर भी मुर्शिदाबाद जिले में नजर आए। 1992 में 6 दिसंबर के दिन बाबरी मस्जिद के विवादित ढांचा को गिराया गया था। टीएमसी विधायक के इस दावे पर बीजेपी की तरफ से गिरिराज सिंह और उमा भारती ने पलटवार किया है। आइए कुछ प्वाइंट के जरिए जानते हैं आखिर हो क्या रहा है।
25 नवंबर को लगे बाबरी मस्जिद के पोस्टर
25 नवंबर को अयोध्या राम मंदिर में पीएम मोदी ने धर्म ध्वजा फहराया और इसी दिन पश्चिम बंगाल के मुस्लिम बहुल मुर्शीदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद निर्माण के पोस्टर लगे। मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद के शिलान्यास की घोषणा भी की गई है। 6 दिसंबर 1992 को ही अयोध्या में बाबरी मस्जिद के कथित ढांचे का विध्वंस किया गया था।
TMC विधायक हुमायूं कबीर का दावा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी TCM के विधायक हुमायूं कबीर ने कहा है कि जिस दिन अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढांचे का विध्वंस किया था उसी दिन पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की नींव रखेंगे। उन्होंने इस कार्यक्रम में देश के कई बड़े मुस्लिम नेताओं के शामिल होने का दावा किया है।
6 दिंसबर को विध्वंस के 33 साल पूरे होंगे
अयोध्या में विवादित ढांचा 6 दिसंबर 1992 को कार सेवकों ने ध्वस्त कर दिया था। अगले महीने बाबरी विध्वंस के 33 साल पूरे हो जाएंगे। TMC विधायक हुमायूं का कहना है कि इसी मौके पर ये आयोजन किया जाएगा।
एक करोड़ रुपये दान में देंगे हुमायूं कबीर
टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर का कहना है कि वो बाबरी मस्जिद निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का दान करेंगे। उन्होंने कहा है कि मस्जिद के निर्माण का काम तीन साल में पूरा किया जाएगा।
कांग्रेस नेता उदित राज का हुमायूं को समर्थन
उधर कांग्रेस नेता उदित राज ने पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाए जाने के हुमायूं कबीर के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अगर राम मंदिर का शिलान्यास हो सकता है तो मस्जिद का क्यों नहीं हो रहा है। इसके विरोध में बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है जो धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ है।
TMC और कांग्रेस पर बरसे गिरिराज सिंह
हुमायूं कबीर के बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी पश्चिम बंगाल को बांग्लादेश बनाने की नींव रखने जा रही है, जिसको कांग्रेस का भी समर्थन मिल रहा है।
बाबर के नाम पर मस्जिद न बनेः उमा भारती
बीजेपी की फायर ब्रांड नेता कही जाने वाली पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा है कि मस्जिद खुदा की इबादत के नाम पर बनाई जानी चाहिए, बाबर के नाम पर नहीं। उमा भारती ने कहा कि आताताई और बर्बर आक्रमणकारी बाबर के नाम पर अगर मस्जिद बनाई जाती है तो उसका भी हश्र वही होगा।
चुनाव के लिए बंगाल में तमाशाः सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी हुमायूं कबीर के बयान पर कहा है कि ये सब पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए किया जा रहा है। अधिकारी ने कहा कि हुमायूं सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। मुसलमान TMC को छोड़कर जा रहे हैं इस लिए वोट बैंक बचाने के लिए हुमायूं बाबरी मस्जिद का नाम ले रहे हैं।