बिहार की नीतीश कुमार सरकार अपने अपने यहां के किसानों को हाई-टेक खेती करने के तरीके सीखने के लिए विदेश भेजने की तैयारी कर रही है। सरकार किसानों को सब्जी उगाने की तकनीकी सीखने के लिए इजरायल भेजने की तैयारी कर रही है। ताकि कम लागत के साथ जैविक सब्जियों के उत्पादन की तकनीकी अपनाकर किसान अपना उत्पादन बढ़ाने के साथ ही आमदनी भी बढ़ा सकें।
मुख्यमंत्री विश्व कृषि भ्रमण योजना
बिहार के किसानों को हाई-टेक बनाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीएम विश्व कृषि AI जेनरेटेट भ्रमण योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण हाट विकास योजना की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत किसानों को विदेश भेजकर उन्नत तकनीक का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा, जबकि ग्रामीण हाट को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। कृषि विभाग को इन योजनाओं का विस्तृत प्रस्ताव अगले पांच वर्षों को ध्यान में रखकर तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
कृषि क्षेत्र में होंगे क्रांतिकारी बदलाव?
बिहार में इस बार साल 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में जीत के बाद शपथ लेने वाली नीतीश सरकार कुछ अलग ही रंग में नजर आ रही है। इस बार नीतीश सरकार ने अपराधी, अतिक्रमण, रोजगार, निवेश उद्योग से लेकर कृषि क्षेत्र का भी कायाकल्प की योजनाओं को अमली जामा पहनाने के लिए अमल करना शुरू कर दिया है। इसमें इस बार किसानों पर भी सरकार खास ध्यान दे रही है। सरकार प्रदेश के किसानों को आधुनिक खेती के तरीके सीखने के लिए विदेश भेजने की योजना बना रही है।
विदेश भेजे जाएंगे बिहार के किसान
बिहार की नीतीश सरकार ने विश्व कृषि परिभ्रमण योजना के तहत राज्य के किसानों को हर साल विदेश भेजने की तैयारी की है। खास तौर पर किसानों को इजरायल भेजने की योजना है, जो आधुनिक सिंचाई और सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में दुनिया का सबसे अग्रणी देश माना जाता है। बिहार सरकार विदेश यात्रा पर भेजे जाने वाले पहले दल में 40 किसानों को इजरायल भेजेगी। इस योजना के तहत हर साल बिहार सरकार किसानों का एक दल हाई-टेक खेती की तकनीकी सीखने के लिए विदेश भेजेगी। ये योजना अगले पांच साल तक चलेगी।
इजरायल में सब्जी की खेती सीखेंगे किसान
बिहार से इजरायल जाने वाले किसान वहां सब्जी उत्पादन की तकनीकी सीखेंगे। जल प्रबंधन प्रणाली और उच्च उपज देने वाली विधियों को सीखेंगे। इजरायल से खेती सीखकर लौटने वाले किसानों को इसी तकनीकी से बिहार में भी खेती करने के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा। इन किसानों को प्रदेश के दूसरे किसानों को भी इसी तकनीकी से खेती करने की ट्रेनिंग देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
महिला किसानों पर सरकार का विशेष ध्यान
बिहार सरकार महिला किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए अलग से योजना लाने जा रही है। कृषि में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को ध्यान में रखते हुए सरकार मुख्यमंत्री ग्रामीण हाट विकास योजना शुरू कर रही है। इसके तहत ग्रामीण हाट को महिला के अनुकूल और आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। योजना के मुताबिक इन हाट-बाजारों में सड़कों का निर्माण किया जाएगा, खुले और शेल्टर वाले प्लेटफॉर्म मुहैया कराए जाएंगे। इन हाट बाजारों में शौलायल का भी निर्माण किया जाएगा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई का भी पूरा इंतजाम किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने अधिकारियों को मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
कृषि कंट्रोल कमांड सेंटर बनेगा
बिहार में कृषि और किसानों को नए स्तर पर ने जाने के लिए सरकार ने एक हाई-टेक कृषि कंट्रोल कमांड बनाने की तैयारी की है। इस सेंटर से कृषि और हाट बाजार से जुड़ी गतिविधियों पर सरकार निगरानी रखेगी। कृषि विभाग से जुड़े सभी एप को एक प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों को हर संभव मदद मुहैया कराई जा सकेगी।