X down: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ( पूर्व में ट्विटर) के डाउन होने की खबर सामने आई है। सोमवार शाम करीब 7 बजे से एलॉन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह ग्लिच देखने को मिला है। तकनीकी खराबी की वजह से यूजर्स की फीड लोड नहीं हो रही थी। ऐसे में यूजर्स को फीड चेक करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, 50 प्रतिशत लोगों को वेबसाइट इस्तेमाल करने में, 39 प्रतिशत लोगों को ऐप यूज़ करने में और 11 प्रतिशत लोगों को फीड टाइमलाइन का इस्तेमाल करने में दिक्कत हो रही है। भारत के अलावा यूके, अमेरिका और अन्य देशों के यूज़र्स को भी एक्स का इस्तेमाल करने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट ‘Downdetector’ के आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि समस्या छोटी-मोटी नहीं है। वेबसाइट पर जारी ग्राफ में शाम 7:00 बजे के आसपास शिकायतों का पुलिंदा बढ़ता जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, शाम 7:02 बजे तक 3,000 से अधिक लोगों ने रिपोर्ट किया कि वे X का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।
यह आंकड़ा केवल उन लोगों का है जिन्होंने शिकायत दर्ज कराई है, जबकि असल में प्रभावित होने वाले यूजर्स की संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है। ग्राफ में लाल रंग की सीधी लकीर यह बताने के लिए काफी है कि यह एक बड़ा सर्वर-साइड इश्यू हो सकता है।
होमपेज गायब, टाइमलाइन हुई ब्लैंक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह समस्या सिर्फ मोबाइल ऐप तक सीमित नहीं है, बल्कि डेस्कटॉप वर्जन पर भी यही हाल है। यूजर्स रिपोर्ट कर रहे हैं कि जैसे ही वे X.com खोलते हैं, उनके सामने या तो पूरी तरह से खाली (Blank) स्क्रीन आ रही है या फिर पुराना फीड ही दिखाई दे रहा है। नया कंटेंट लोड नहीं हो रहा है और न ही किसी की प्रोफाइल खुल रही है।
X में यूजर्स करने लगे एक्सेस
फिलहाल एक्स मेंआई तकनीकी खराबी ठीक हो गई है। यूजर्स आसानी से अब एक्सेस कर पा रहे हैं। इससे पहले मार्च 2025 में एक्स में रुकावट आई थी। पिछले साल नवंबर में, Cloudflare आउटेज के कारण X समेत कई वेबसाइटों के लिए एक्सेस में बड़ी दिक्कतें और डाउनटाइम देखने को मिला था। इससे कई इलाकों के यूज़र्स पर असर पड़ा था।