कई बार ऐसा होता है कि जब किसी जरूरी काम के लिए सरकारी दस्तावेज चाहिए होता है, तब वह तुरंत नहीं मिल पाता। बच्चों का आधार कार्ड भी ऐसा ही एक जरूरी दस्तावेज है। रोजमर्रा में इसकी जरूरत कम पड़ती है, लेकिन स्कूल में एडमिशन, सरकारी योजनाओं का फायदा लेने या दूसरी आधिकारिक प्रक्रियाओं के दौरान यह अनिवार्य हो सकता है। अगर ऐसे समय में आपके पास आधार कार्ड की हार्ड कॉपी नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप अपने मोबाइल से कुछ ही मिनटों में बच्चे का डिजिटल आधार कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
बच्चे का आधार कार्ड डाउनलोड करने के लिए आपके पास कई आसान विकल्प हैं। यदि आपने आधार ऐप का इस्तेमाल किया है, तो उसमें बच्चे की प्रोफाइल जोड़कर आधार देखा और डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट से भी आधार कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा मिलती है। DigiLocker ऐप भी एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां से बच्चे का डिजिटल आधार सुरक्षित तरीके से प्राप्त किया जा सकता है।
अगर आप आधार ऐप के जरिए बच्चे का आधार डाउनलोड करना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने फोन में आधार ऐप इंस्टॉल करके उसमें लॉग इन करें। इसके बाद होम स्क्रीन पर दिखाई देने वाले Register My Aadhaar या Add Profile विकल्प को चुनें।
ऐप आपकी सुरक्षा के लिए चार अंकों का पिन बनाने के लिए कहेगा, जिसे सेट करना होगा। अब बच्चे का आधार नंबर दर्ज करें। इसके बाद माता या पिता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करते ही बच्चे की प्रोफाइल ऐप में जुड़ जाएगी। इसके बाद आप वहीं से आधार कार्ड देख सकते हैं, डाउनलोड कर सकते हैं या जरूरत पड़ने पर किसी के साथ शेयर भी कर सकते हैं।
यदि आप UIDAI की वेबसाइट से आधार डाउनलोड करना चाहते हैं, तो सबसे पहले myAadhaar पोर्टल पर जाएं। वहां नीचे की ओर स्क्रॉल करने पर Download Aadhaar का विकल्प मिलेगा। इस पर क्लिक करने के बाद बच्चे का आधार नंबर या एनरोलमेंट आईडी दर्ज करें।
फिर ओटीपी प्राप्त करने के लिए विकल्प चुनें। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को भरने के बाद Verify & Download पर क्लिक करें। इसके बाद बच्चे का आधार कार्ड पीडीएफ फॉर्मेट में आपके फोन या कंप्यूटर में डाउनलोड हो जाएगा।
DigiLocker के जरिए भी बच्चे का आधार कार्ड आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके लिए पहले DigiLocker ऐप में लॉग इन करें और सर्च बॉक्स में Aadhaar Card खोजें। संबंधित विकल्प पर क्लिक करने के बाद ऐप आधार की जानकारी एक्सेस करने की अनुमति मांगेगा।
अनुमति देने के बाद बच्चे का नाम, जन्मतिथि, लिंग और 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें। इसके बाद Get Document पर क्लिक करें और मोबाइल पर आए ओटीपी से वेरिफिकेशन पूरा करें। प्रक्रिया पूरी होते ही बच्चे का आधार कार्ड DigiLocker के Issued Documents सेक्शन में सेव हो जाएगा, जहां से आप इसे कभी भी देख या डाउनलोड कर सकते हैं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.