1xBet सट्टेबाजी केस में ED का बड़ा एक्शन, युवराज, उथप्पा से लेकर उर्वशी-सोनू सूद तक शिकंजा, 7.93 करोड़ की संपत्ति अटैच

1xBet ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, उर्वशी रौतेला, सोनू सूद समेत कई हस्तियों की 7.93 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। इससे पहले शिखर धवन और सुरेश रैना की संपत्तियां भी अटैच हो चुकी हैं। अब तक इस केस में कुल 19.07 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी हैं।

Rishabh Shukla
अपडेटेड19 Dec 2025, 05:30 PM IST
1xBet सट्टेबाजी केस में ED का बड़ा एक्शन
1xBet सट्टेबाजी केस में ED का बड़ा एक्शन

ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े 1xBet एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई चर्चित क्रिकेटरों और बॉलीवुड हस्तियों की करोड़ों रुपए की संपत्तियां जब्त कर ली हैं। मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच के तहत ईडी ने नए प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए हैं। इस सूची में पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा के साथ-साथ अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, अभिनेता सोनू सूद, मिमी चक्रवर्ती, अंकुश हाजरा और नेहा शर्मा के नाम शामिल हैं।

किसकी कितनी संपत्ति हुई जब्त

सूत्रों के अनुसार, ईडी ने युवराज सिंह की 2.5 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की है, जबकि रॉबिन उथप्पा की 8.26 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। अभिनेत्री उर्वशी रौतेला की 2.02 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की गई है, जो उनकी मां के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। अभिनेता सोनू सूद की 1 करोड़ रुपए, मिमी चक्रवर्ती की 59 लाख रुपए, अंकुश हाजरा की 47.20 लाख रुपए और अभिनेत्री नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ रुपए की संपत्ति भी ईडी की कार्रवाई में शामिल है। आज की कार्रवाई में कुल 7.93 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त की गई हैं।

यह भी पढ़ें | WinZO के संस्थापक ED की गिरफ्त में, क्या है 43 करोड़ का राज?

पहले भी हो चुकी है बड़ी जब्ती

यह पहली बार नहीं है जब 1xBet मामले में बड़े नाम ईडी के रडार पर आए हों। इससे पहले ईडी ने इसी केस में भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन की 4.55 करोड़ रुपए और सुरेश रैना की 6.64 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की थीं। ताजा कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुल 19.07 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। ईडी सूत्रों के मुताबिक जांच अभी जारी है, आगे और भी नाम सामने आ सकते हैं।

क्या है 1xBet केस और आरोप?

ईडी की यह जांच कथित अवैध ऑनलाइन बेटिंग एप्स से जुड़ी है, जिन पर लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपए की ठगी और बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी के आरोप हैं। 1xBet कंपनी खुद को एक वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त बेटिंग प्लेटफॉर्म बताती है, जो पिछले 18 वर्षों से सक्रिय है और 70 भाषाओं में अपनी सेवाएं उपलब्ध कराती है। हालांकि, भारतीय कानून के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्स1xBet सट्टेबाजी केस में ED का बड़ा एक्शन, युवराज, उथप्पा से लेकर उर्वशी-सोनू सूद तक शिकंजा, 7.93 करोड़ की संपत्ति अटैच
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्स1xBet सट्टेबाजी केस में ED का बड़ा एक्शन, युवराज, उथप्पा से लेकर उर्वशी-सोनू सूद तक शिकंजा, 7.93 करोड़ की संपत्ति अटैच