आज का मौसम 17 मार्च 2026: इन 14 राज्यों में भारी बारिश के आसार, IMD ने जारी की आंधी और बिजली की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बदला हुआ है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, राजस्थान और बिहार में बादल, तेज हवाएं, आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान घटेगा और गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं कुछ राज्यों में गर्मी बढ़ने के साथ हीटवेव और सनबर्न का खतरा भी बढ़ सकता है।

Manali Rastogi
पब्लिश्ड17 Mar 2026, 07:21 AM IST
आज का मौसम
आज का मौसम(HT)

उत्तर भारत में आज से अगले तीन दिनों तक लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

इसके कारण दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में 18 मार्च तक मेघ गर्जन, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बादल और हवाओं की वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी, जिससे गर्मी कम महसूस होगी।

यह भी पढ़ें | Stock Market Outlook: शेयर बाजार में आज भी जारी रहेगी जोरदार तेजी?

मौसम विभाग का कहना है कि 16 से 21 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी की स्थिति बन सकती है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अधिकतर सूखा रहने की संभावना जताई गई है।

वहीं स्काईमेट के अनुसार अगले तीन दिनों तक ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हो सकती है, जिसे प्री-मानसून गतिविधियों का संकेत माना जा रहा है।

दक्षिण भारत में तमिलनाडु सहित कुछ राज्यों में भी हल्की मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी और लू से राहत रहने की उम्मीद है।

जानिए यूपी में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। पिछले 24 घंटों में तेज ठंडी हवाएं चलीं, जिससे गर्मी से राहत मिली। कुछ जगहों पर आंधी के साथ बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आज तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादलों का आना-जाना जारी रहेगा और बीच-बीच में धूप भी निकल सकती है।

यह भी पढ़ें | चुनावी दौर में NDA का दबदबा, ओडिशा में तीन सीटें जीतीं, हरियाणा का रिजल्ट रुका

मेरठ, बिजनौर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ जैसे जिलों में गरज-चमक, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर ओले गिरने और बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है। वहीं मध्य उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के जिलों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन वहां भारी बारिश का कोई खास अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम

दिल्ली-एनसीआर में आज तेज और ठंडी हवाओं ने गर्मी पर ब्रेक लगा दिया है। पिछले 24 घंटों में मौसम अचानक बदल गया और लोगों को ठंडक महसूस हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

मौसम सुहावना होने से तापमान में कई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अनुमान है कि आज न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक तेज हवाओं और हल्की बारिश के कारण हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और प्रदूषण का स्तर कम हुआ है।

यह भी पढ़ें | पिता के अंतिम संस्कार के लिए बेचना पड़ा था सीलिंग फैन, आज 157 करोड़ का है बिजनेस

फिलहाल एयर क्वालिटी इंडेक्स करीब 100 के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 मार्च से मौसम फिर बदल सकता है। उस दिन आंशिक बादल रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 20 मार्च को भी बादल और हल्की वर्षा की संभावना है, जबकि 21 मार्च को भी आसमान में बादल बने रह सकते हैं और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है।

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान के कई जिलों में आज मौसम बदला हुआ दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिसके कारण कई इलाकों में आंधी और बारिश की स्थिति बन सकती है।

16 और 17 मार्च को राज्य में अधिकतर जगह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 18 से 21 मार्च के बीच एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

18 मार्च को जोधपुर और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य इलाकों में मौसम सामान्य रह सकता है। 19 और 20 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बिहार में भी बदलेगा मौसम

बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा। इसके कारण पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, पटना, किशनगंज, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, सहरसा, खगड़िया, बांका, जमुई, शिवहर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, मुंगेर, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, गया और जहानाबाद जैसे जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। अनुमान है कि तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। बादलों की गरज और ठनका गिरने का खतरा भी बना रहेगा। इस मौसम बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सआज का मौसम 17 मार्च 2026: इन 14 राज्यों में भारी बारिश के आसार, IMD ने जारी की आंधी और बिजली की चेतावनी
More
होमट्रेंड्सआज का मौसम 17 मार्च 2026: इन 14 राज्यों में भारी बारिश के आसार, IMD ने जारी की आंधी और बिजली की चेतावनी