Aaj ka mausam, 3 February 2026: उत्तर भारत में एक बार फिर से मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हो सकती है। आइए जानते हैं कि आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम।
दिल्ली में आज बारिश का अलर्ट
दिल्ली में सोमवार को हुए कोहरे के बाद आज राजधानी में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश की वजह से तापमान में हल्की गिरावट भी आ सकती है। वहीं मौसम विभाग ने कल राजधानी में हल्का कोहरा पड़ने की भी संभावना जताई है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
यूपी-बिहार में आज कैसा रहेगा वेदर?
यूपी-बिहार भले ही एक दूसरे से सटे हुए हैं,लेकिन दोनों राज्यों का वेदर एक जैसा नहीं है। यूपी में आज तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज आजमगढ़, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, सोनभद्र, महोबा, ललितपुर, झांसी, प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, मऊ, प्रतापगढ़ और बलिया में बारिश हो सकती है। वहीं बिहार में आज मौसम साफ रहने वाला है, लेकिन सुबह के वक्त हल्का कोहरा छा सकता है। आज पटना का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
उत्तराखंड में बारिश की चेतावनी जारी
उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। IMD के अनुसार, आज नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में बारिश हो सकती है। बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आ सकती है।
हिमाचल प्रदेश में आज बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार,राज्य में मंगलवार को हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है और इसके बाद अगले रविवार तक मौसम साफ रहने के आसार हैं।हालांकि, राज्य की ऊंची पहाड़ियों पर शुक्रवार को भी हल्की बर्फबारी और बारिश देखी जा सकती है।
इन 9 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
- उत्तर प्रदेश
- हरियाणा
- उत्तराखंड
- हिमाचल
- राजस्थान
- मध्य प्रदेश
- गुजरात
- जम्मू-कश्मीर
- लद्दाख
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अभी ये दौर जारी रहेगा और इस दौरान कहीं कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। IMD के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के कुछ भागों में हल्की बारिश हो सकती है।