Aaj ka mausam, 4 February 2026: पहाड़ों पर पिघल रही बर्फ का असर दिल्ली तक महसूस हो रहा है। दिल्ली-NCR और उसके आसपास के इलाकों में ठंड ने एक बार फिर से अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मौसम विभाग के अनुसार आज देशभर के कई राज्यों में घना कोहरा देखने को मिलेगा। यूपी-बिहार, हरियाणा और पंजाब में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम
दिल्ली में कोहरे का अलर्ट
दिल्ली-नोएडा में आज मौसम दिन में साफ रहने वाला है। हालांकि सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम हो जाएगी। इसलिए IMD ने लोगों को घर से बाहर निकलते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। राजधानी में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं का भी असर देखने को मिल रहा है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके अलावा IMD ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।
यूपी-बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में भले ही कोहरा छाया रहेगा, लेकिन यूपी में बारिश के आसार बन रहे हैं। IMD ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी के कई जिलों में खासकर आगरा,मुरादाबाद में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं अगर बिहार की बात करें, तो वहां पर मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बिहार में सर्दी का सितम जारी है और आने वाले दिनों में ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं हैं। आज बिहार के कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिलेगा।
हरियाणा-पंजाब में ओलावृष्टि की संभावना
दिल्ली से सटे हरियाणा और पंजाब में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पंजाब के कुछ जिलों में अगले 24 घंटों में बादल झमाझम बरस सकते हैं। जालंधर, कपूरथला, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हरियाणा में भी कुछ ऐसा ही मौसम देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग ने लोगों को घर से बाहर छाता लेकर चलने की सलाह दी है।
जम्मू कश्मीर में कोल्ड डे जैसी स्थिति
जम्मू कश्मीर के मौसम में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। हालांकि अभी भी ठंड काफी अधिक है। आज कुछ पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो सकती हैं, जबकि निचली जगहों पर कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रहेगी।