Today Weather Update, 5 February 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मौसम की चाल बदल गई है। सुबह-शाम चल रही सर्द हवाएं गलन जैसी ठंड का एहसास करवा रही हैं। वहीं दोपहर में निकल रही धूप लोगों के चेहरे पर सुकून ला रही है। हालांकि पहाड़ी इलाकों का ऐसा हाल नहीं है। वहां बर्फबारी के बीच हड्डी गला देने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने 5-6 फरवरी को कोहरे और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज छाया रहेगा कोहरा
दिल्ली-एनसीआर में आज घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में आज दिन की शुरुआत धुंध के साथ होने वाली है। हालांकि 10 बजे तक ये धुंध हट जाएगी और मौसम साफ हो जाएगा। वहीं आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
यूपी-बिहार में आज कैसा रहेगा वेदर
उत्तर प्रदेश में भी बारिश की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। यहां पर भी अब कोहरे की मार झेलनी पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी और बिहार में आज घना कोहरा देखने को मिलेगा। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम हो जाएगी। IMD के अनुसार कोहरे और पहाड़ों आ रही ठंडी हवाएं यूपी-बिहार का तापमान भी गिरा सकती हैं।
आज कहां- कहां है बर्फबारी की संभावना
आज पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार,जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हो सकती है।
IMD ने 7 राज्यों में जारी किया कोहरे का अलर्ट
- पंजाब
- हरियाणा
- दिल्ली
- उत्तर प्रदेश
- बिहार
- राजस्थान
- महाराष्ट्र
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम केंद्र जयपुर का अनुमान है कि राज्य के अधिकांश भागों में आगामी तीन से चार दिन मौसम शुष्क रहेगा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होगी।