
Aaj Ka Mausam : मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में फिलहाल कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। लेकिन 9 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे कुछ राज्यों में हल्के बादल और बूंदाबांदी हो सकती है। अभी यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय कोहरा देखने को मिल रहा है।
दिन में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे सर्दी का असर बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों में अगले दो दिनों तक बर्फबारी होगी। वहीं 9 से 11 फरवरी और फिर 16 से 17 फरवरी के बीच मौसम दोबारा खराब होने की संभावना है। इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ सकती है।
दिल्ली में आसमान साफ है, लेकिन ठंड अभी भी महसूस हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री रहेगा। एनसीआर के कई इलाकों में हल्का कोहरा रहने की संभावना है। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगभग 250 रहने का अनुमान है, जो खराब श्रेणी में आता है।
उत्तर प्रदेश में मौसम साफ है, लेकिन ठंड से तुरंत राहत मिलने की उम्मीद कम है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन ठंडी हवाएं सर्दी का असर बनाए रख रही हैं। कई जिलों में कोहरा छाया रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है, लेकिन 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में कड़ाके की ठंड कम होने के संकेत हैं, लेकिन तेज हवाएं और बदलता मौसम अभी परेशानी बढ़ा सकता है। अगले सप्ताह कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव होगा। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, शिवहर, सुपौल, सीतामढ़ी, किशनगंज और अररिया समेत कई जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। कई जगह 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान बढ़ने से ठंड कम महसूस हो रही है। कई जगह दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। कुछ इलाकों में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं सुबह और शाम ठंडी हवाओं के कारण सर्दी बनी रहेगी।
फतेहपुर और नागौर में न्यूनतम तापमान करीब 3.8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अजमेर, भीलवाड़ा, जयपुर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और जोधपुर में अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री रह सकता है। अगले तीन से चार दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में 9 फरवरी से मौसम फिर खराब हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश और भारी बर्फबारी हो सकती है। पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात का अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर और घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
हिमाचल प्रदेश में तीन दिन बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से लाहौल-स्पीति, चंबा, कुकुमसेरी और ताबो जैसे इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है।
10 और 11 फरवरी को राज्य के मैदानी क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जा सकता है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलेंगी।
कश्मीर में रातें सामान्य से ज्यादा ठंडी और दिन अपेक्षाकृत गर्म महसूस हो रहे हैं। घाटी के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान लगभग माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
गुलमर्ग में तापमान माइनस 6.7 डिग्री और पहलगाम में माइनस 7.5 डिग्री तक गिर गया है। काजीगुंड, कोकरनाग और कुपवाड़ा में भी तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। फिलहाल कश्मीर में ‘चिल्लई खुर्द’ का समय चल रहा है, जिसमें बारिश और बर्फबारी जारी रहती है। 9 से 11 फरवरी के बीच तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.