आज का मौसम: पहाड़ों में हुई बर्फबारी से ठिठुरे मैदानी इलाके, दिल्ली-एनसीआर में बारिश संग पड़े ओले, अभी और गिरेगा तापमान

पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत के मौसम में बदलाव आया है। पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी से सड़कें बंद हैं। दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान गिरा। कई उड़ानें रद्द हुईं और जनजीवन प्रभावित रहा।

Manali Rastogi
अपडेटेड28 Jan 2026, 06:53 AM IST
आज का मौसम
आज का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और तेज हो गई है। पहाड़ पूरी तरह बर्फ से ढक गए हैं, जिससे कई सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिए गए हैं। रेड अलर्ट के बीच दिल्ली-एनसीआर और आसपास के मैदानी इलाकों में तेज बारिश हुई और कई जगह ओले भी पड़े।

यह भी पढ़ें | Kal Ka Mausam: दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में बदलेगा मौसम

मौसम बदलने से तापमान में साफ गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री तक और गिर सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। दिल्ली में 24 मिमी बारिश हुई, जो जनवरी 2022 के बाद सबसे ज्यादा है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, हापुड़ और मेरठ में भी अच्छी बारिश हुई और कई स्थानों पर ओले गिरे।

यह भी पढ़ें | अरिजीत सिंह भारतीय शास्त्रीय संगीत की ओर कर रहे वापसी, अब नहीं करेंगे ये काम

दिल्ली में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री रहा। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में भी हल्की से भारी बारिश हुई, जिससे तापमान और नीचे चला गया।

कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में मंगलवार रात करीब 10:12 बजे हिमस्खलन हुआ। यह एक रिसॉर्ट से टकराया, जिससे कई इमारतों को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, पटनीटॉप, भद्रवाह और कठुआ के बनी इलाके में भारी बर्फबारी हुई है। भारी हिमपात के चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है।

खराब मौसम के कारण श्रीनगर हवाईअड्डे से 58 और जम्मू से तीन उड़ानें रद्द कर दी गईं। इस बीच 14 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए। डोडा जिले में करीब 10,500 फीट की ऊंचाई पर फंसे 40 जवानों सहित 60 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। लद्दाख के न्योमा में तापमान माइनस 9.7 डिग्री और द्रास में माइनस 9.2 डिग्री दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें | दो दोस्तों ने शुरू किया शहद का कारोबार, आज करोड़ों में है टर्नओवर

हिमाचल प्रदेश में कुफरी, मनाली, किन्नौर, लाहौल, शिमला समेत कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। राज्य में करीब 550 सड़कें बंद हो गई हैं। चंबा में ट्रैकिंग के दौरान लापता हुए दो युवकों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, उत्तराखंड में बदरीनाथ, केदारनाथ, जोशीमठ, औली, तुंगनाथ, मद्महेश्वर, गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सआज का मौसम: पहाड़ों में हुई बर्फबारी से ठिठुरे मैदानी इलाके, दिल्ली-एनसीआर में बारिश संग पड़े ओले, अभी और गिरेगा तापमान
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सआज का मौसम: पहाड़ों में हुई बर्फबारी से ठिठुरे मैदानी इलाके, दिल्ली-एनसीआर में बारिश संग पड़े ओले, अभी और गिरेगा तापमान