Aaj ka mausam: नवंबर से पहले ठंड की दस्तक, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather today: देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। दिल्ली में स्मॉग और बादलों के बीच ठंड ने समय से पहले दस्तक दी है। वहीं यूपी, बिहार, झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी है। 

Priya Shandilya
अपडेटेड31 Oct 2025, 06:54 AM IST
आज देशभर में कैसा है मौसम का हाल? (सांकेतिक तस्वीर)
आज देशभर में कैसा है मौसम का हाल? (सांकेतिक तस्वीर)(HT)

Aaj ka mausam: ठंड का मौसम तो आमतौर पर दिसंबर से पकड़ दिखाता है, लेकिन इस बार मौसम ने अचानक तेज मोड़ ले लिया है। ठंडी हवाएं, बारिश और धुंध ने नवंबर शुरू होने से पहले ही लोगों को सर्द मौसम का एहसास करा दिया है। मौसम वैज्ञानिक भी मान रहे हैं कि इस बार कंपकंपी वाली ठंड जल्दी महसूस हो सकती है। साथ ही देश के कई राज्यों में चक्रवात मोंथा का असर भी देखने को मिल रहा है।

दिल्ली-NCR: बादल, स्मॉग और गिरते तापमान

दिल्ली में गुरुवार को दिनभर बादल और स्मॉग छाए रहे। तापमान सामान्य से कम रहा, अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम करीब 20.1 डिग्री। मौसम विभाग का कहना है कि सुबह धुंध और दिन में हल्की ठंड बनी रहेगी। आने वाले 5-6 दिन तक ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है, जिसमें हल्का बादल और स्मॉग हावी रहेंगे।

पूर्वी भारत में मूसलाधार बारिश

अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, बिहार और सिक्किम में बारिश का दौर जारी है। 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को इन राज्यों में कई जगह भारी से बेहद भारी बारिश की आशंका जताई गई है। तेज हवाएं और गरज-चमक वाले बादल भी रहेंगे। बिहार के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

झारखंड: तूफान ‘मोंथा’ का असर

रांची, जमशेदपुर और कई जिलों में जोरदार बारिश और तेज हवाएं चलीं। 1 नवंबर तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। झारखंड में ठंड भी तेज होते-देखी जा रही है, लेकिन 2 नवंबर के बाद हालात सुधरेंगे।

उत्तर प्रदेश में बारिश और ठंड का दोहरा असर

यूपी में बारिश लगातार परेशान कर रही है। लखनऊ और आसपास के जिलों में गुरुवार को भी तेज बारिश हुई। झांसी में तापमान अचानक गिर गया। गाजीपुर, मऊ, बलिया और देवरिया में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। हालांकि, 1 नवंबर के बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है।

पूर्वोत्तर में बारिश बनी रहेगी

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड में अगले कुछ दिनों तक बादल और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई जगह भारी बारिश भी हो सकती है।

गुजरात-महाराष्ट्र में भी बारिश की वापसी

कोंकण-गोवा और गुजरात में 31 अक्टूबर से बारिश बढ़ सकती है। कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट देखने को मिल सकती है। महाराष्ट्र में भी अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने वाला है।

उत्तर-पश्चिम में बारिश और बर्फ के आसार

3 से 5 नवंबर के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी इलाकों जैसे हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। यानी पर्यटन प्लान कर रहे हैं तो गर्म कपड़े साथ रखें।

तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण भारत में बिजली-गरज

2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। समुद्री इलाकों में हवाएं थोड़ी तेज रहेंगी।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: नवंबर से पहले ठंड की दस्तक, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: नवंबर से पहले ठंड की दस्तक, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट