Today Weather Update, 30 January 2026: देश के कई हिस्सों में ठंड और बारिश का असर तेज़ी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज, 30 जनवरी को उत्तर भारत के 9 राज्यों में भीषण ठंड का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश समेत कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी दी गई है।मौसम विभाग ने साफ कहा है कि सुबह और रात के समय पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। ठंड के साथ-साथ बारिश भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। IMD ने राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मूसलाधार बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली और आसपास के इलाकों में सर्दी ने लोगों की रफ्तार थाम दी है। न्यूनतम तापमान अचानक गिरकर करीब 6 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे गलन और बढ़ गई है। सुबह-सुबह घर से निकलने वालों को घने कोहरे ने सबसे ज़्यादा परेशान किया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 जनवरी को दिल्ली-NCR में सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री रहने का अनुमान है।
यूपी-बिहार का मौसम अपडेट
बारिश के बाद उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे गलन और बढ़ गई है। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे ने लोगों की रफ्तार धीमी कर दी। दिन में धूप निकलने की उम्मीद है,लेकिन रात होते-होते पारा गिरने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि आज प्रदेश के करीब 15 जिलों में कोहरा छाया रह सकता है। वहीं बिहार में अगले दो से तीन दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रहने की आशंका है, हालांकि दिन में धूप निकलने से तापमान सामान्य बना रहेगा।
उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड के कई हिस्सों में सुबह का समय कोहरे से घिरा रहेगा। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में भी हल्का कोहरा छाने की संभावना है। इसी बीच, पहाड़ी जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में हिमस्खलन का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।