
Aaj Ka Mausam, 21 November Weather Update: नवंबर का महीना खत्म होने को है, लेकिन ठंड का असली प्रकोप देखना बाकी है। अभी दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक दिन में धूप निकलने की वजह से सिर्फ सुबह-शाम की ठंड महसूस हो रही है। हालांकि ये राहत ज्यादा दिन तक नहीं रहने वाली है।
खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में नवंबर के आखिरी सप्ताह से शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं अगर दिल्ली-एनसीआर की बात करें, तो यहां अभी ठंड के साथ प्रदूषण का भी असर दिख रहा है। दिल्ली के लोगों को साफ हवा मिलना मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही पहाड़ों पर भी मौसम बदल रहा है। कुछ पर्वतीय इलाकों में मौसम विभाग ने बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-एनसीआर के लोग इस वक्त ठंड के साथ प्रदूषण की भी मार झेल रहे हैं। दिल्ली में कुछ जगहों पर AQI 450 के भी पार पहुंच गया है। वहीं IMD के पूर्वानुमान के अनुसार आज राजधानी में पारा गिरने वाला है, जिससे दिल्ली,हरियाणा, पंजाब में गलन वाली ठंड पड़ने का अलर्ट है। आज राजधानी में सुबह 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक जा सकता है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठंड अपना असर दिखाने लगी है। मौसम विभाग ने नवंबर के आखिरी सप्ताह में यूपी के कई शहरों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर जाते-जाते ठंड का असर प्रकोप में बदल सकता है और उत्तर प्रदेश के कई शहर कोहरे की चादर से ढक सकते हैं।
वहीं बिहार में भी ठंड ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। न्यूनतम तापमान कई दिनों से सिंगल डिजिट में दर्ज किया जा रहा है। वहीं सुबह के वक्त कई जगहों पर कोहरा भी देखने को मिल रहा है। IMD के अनुसार अगले दो दिनों तक अगले 2 दिनों के दौरान औरंगाबाद, बक्सर, भोजपुर, दरभंगा, पूर्वी-चंपारण, गया, जमुई, कैमूर, लखीसराय, मधुबनी, नवादा, नालंदा, पटना, सारण, रोहतास, शेखपुरा, सीतामढी, वैशाली और पश्चिम-चंपारण में घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
उत्तराखंड में अभी सूखी ठंड पड़ रही है,जिसकी वजह से लोग वहां घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक उत्तराखंड में ऐसा ही मौसम रहने वाला है। पर्वतीय इलाकों में हो रही बर्फबारी की असर निचले इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने वाला है।आईएमडी के मुताबिक, अगले सप्ताह तक बर्फबारी में तेजी आएगी। वहीं, जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई और घाटी वाले इलाकों में भी बर्फबारी की संभावना है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.