Aaj ka Mausam, 16 January 2026: जनवरी का आधा महीना खत्म हो गया है और ठंड ने भी अपनी पकड़ उत्तर भारत में मजबूत कर ली है। सुबह-शाम पड़ रहे कोहरे और पाले के बीच अब IMD ने बारिश का भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 19 जनवरी से यूपी के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट भी आएगी। वहीं अगले 2–3 दिनों तक IMD ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में ज्यादा ठंड पड़ने का अनुमान जताया है।
शीतलहर की चपेट में राजधानी
दिल्ली-एनसीआर में आज दिनभर मौसम साफ रहने वाला है। हालांकि शाम के वक्त आसमान में बादल छा सकते हैं, लेकिन अभी बारिश का कोई अनुमान नहीं है। वहीं रात को चलने वाली सर्द हवाएं आपको ठंड का अहसास करवाती रहेंगी।
राजस्थान में घने कोहरे का अलर्ट
राजस्थान के कई इलाकों में आज घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पाला पड़ रहा है,जिसकी वजह से घरों के अंदर भी गलन वाली ठंड महसूस हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने बताया कि 17-18 जनवरी से वेदर में बड़ा बदलाव होने वाला है। 17 जनवरी को आसमान में बादल छाए दिखेंगे और तापमान में भी इजाफा हो सकता है।
यूपी-बिहार में ठंड का प्रकोप जारी
यूपी-बिहार में ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश में धीरे- धीरे ठंड कमजोर पड़ने लगी है। IMD के अनुसार अगले 4-5 दिनों में पूरे यूपी के तापमान में 5-6 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि आज भी आसमान में लोगों को कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं यूपी से सटे बिहार में 19 तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि आज राजधानी पटना में कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं अगले 7 दिनों तक पूरे राज्य में मध्यम कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब-हरियाणा का वेदर अपडेट
उत्तरी भारत के कई इलाके अब भी कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं और पंजाब व हरियाणा में तापमान शून्य के करीब दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज भी पंजाब-हरियाणा के लोगों को ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। आज भी कई इलाकों में घना कोहरा देखा जा सकता है।
कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट
कश्मीर में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह अभी भी शून्य से नीचे बना हुआ है।मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर की ओर बढ़ रहा है जो 16 जनवरी से घाटी के मौसम को प्रभावित कर सकता है। IMD ने 19–20 जनवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी और 22–24 जनवरी के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।