आज का मौसम: कहीं तेज धूप तो कहीं बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली समेत अन्य राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम

Aaj ka mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-यूपी में धूप और बढ़ता तापमान राहत दे रहा है, जबकि पंजाब से पश्चिमी यूपी तक बारिश का अलर्ट है। पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।

Priya Shandilya
अपडेटेड11 Feb 2026, 06:48 AM IST
आज 11 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम का हाल? (सांकेतिक तस्वीर)
आज 11 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम का हाल? (सांकेतिक तस्वीर)(HT)

Aaj ka mausam: फरवरी की शुरुआत के साथ देशभर में मौसम अब धीरे-धीरे बदल रहा है। कहीं तेज धूप लोगों को राहत दे रही है तो कहीं बादल और बारिश की चेतावनी ने अलर्ट मोड में डाल दिया है। आज का मौसम खास इसलिए भी है क्योंकि मैदानी इलाकों और पहाड़ी राज्यों में तस्वीर बिल्कुल अलग-अलग नजर आ रही है।

दिल्ली में आज का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक आज 11 फरवरी को दिल्ली में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 से 12 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सुबह हल्के बादल जरूर दिखे, लेकिन ये ज्यादा देर टिक नहीं पाए। दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। दिन भर धूप का असर साफ दिखा।

उत्तर प्रदेश में मौसम ले रहा करवट

उत्तर प्रदेश में सर्द हवाओं की रफ्तार अब कमजोर पड़ रही है। पछुआ हवाएं धीमी होने से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि 11 फरवरी से लेकर 14 फरवरी तक मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालांकि, पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश होने कि भी संभावना जताई गई है।

पंजाब से राजस्थान तक बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की चेतावनी जारी की है। इसी वजह से इन इलाकों में अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फ और बारिश के आसार

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 फरवरी से बारिश और बर्फबारी शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिलसिला 13 और 16 फरवरी को भी अलग-अलग इलाकों में देखने को मिल सकता है। लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के कारण इन पहाड़ी इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। कुछ जगहों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

अन्य राज्यों का हाल

कोंकण-गोवा और तटीय कर्नाटक में अगले 24 घंटों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद चार दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं मेघालय में 11 फरवरी तक सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सआज का मौसम: कहीं तेज धूप तो कहीं बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली समेत अन्य राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सआज का मौसम: कहीं तेज धूप तो कहीं बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली समेत अन्य राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम