आज का मौसम: कहीं तेज धूप तो कहीं बरसेंगे बादल! जानें आपके राज्य में आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

Aaj ka mausam 11 April 2026: देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। उत्तर-पूर्व में बारिश और तूफान का असर रहेगा, जबकि अन्य राज्यों में तापमान बढ़ेगा और लू का खतरा भी रहेगा। लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Priya Shandilya
अपडेटेड11 Apr 2026, 07:02 AM IST
आज 11 अप्रैल को देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
आज 11 अप्रैल को देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?(HT )

Aaj ka mausam 11 April 2026: मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों तक कई इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं ने राहत दी थी, लेकिन अब धीरे-धीरे गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। जहां एक तरफ उत्तर-पूर्व और पूर्वी भारत में बारिश और तूफान का असर बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ने वाला है। ऐसे में चलिए जानते हैं आज 11 अप्रैल को कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल।

दिल्ली-एनसीआर में खिलेगी धूप

देश की राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद में आज आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज दोपहर के वक्त अधिकतम तापमान 36°C से 38°C के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, राहत की बात यह है कि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जो दिल्लीवालों को थोड़ी राहत देंगी।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा। दिन के समय तेज धूप निकलेगी। IMD के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक यूपी के शहरों में गर्म हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रह सकता है। 15 अप्रैल तक यूपी के कई जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है।

पंजाब और हरियाणा में शुष्क रहेगा मौसम

पंजाब में मौसम पूरी तरह शुष्क है। अमृतसर और लुधियाना जैसे शहरों में तापमान 37°C के आसपास रहेगा। वहीं, हरियाणा में गर्मी और भी ज्यादा आक्रामक नजर आ रही है। दक्षिण हरियाणा के कुछ हिस्सों में तो हल्की लू जैसे हालात बनने लगे हैं।

उत्तराखंड और हिमाचल में मौसम का हाल

मैदानी इलाकों में जहां पसीने छूट रहे हैं, वहीं पहाड़ों पर कुदरत मेहरबान है। उत्तराखंड में मौसम काफी सुहावना है। यहां बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने के आसार हैं, जिससे पर्यटकों की चांदी रहेगी। वहीं हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में आज हल्की बर्फबारी या बारिश हो सकती है।

राजस्थान में गर्मी और धूल का डबल अटैक

राजस्थान में तापमान बढ़ने लगा है। राजस्थान के कई इलाकों में गर्मी के साथ-साथ धूल भरी आंधी चलने की भी प्रबल संभावना है। दोपहर में बाहर निकलने वालों को अपनी आंखों और चेहरे का खास ख्याल रखना होगा क्योंकि आंधी की वजह से विजिबिलिटी भी कम हो सकती है।

असम-मेघालय में बारिश और तूफान

उत्तर-पूर्व भारत में 14 अप्रैल तक मौसम काफी एक्टिव रहने वाला है। असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश में भी इसी दौरान बिजली गिरने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 अप्रैल को बारिश और तूफान का असर रहेगा।

बंगाल में हल्की बारिश के आसार

पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदला हुआ रहेगा। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 12 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है।

कहां-कहां बढ़ेगा पारा?

बारिश के बीच एक बड़ा बदलाव तापमान में भी देखने को मिलेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में 16 अप्रैल तक तापमान 6-8 डिग्री तक बढ़ सकता है। मध्य भारत में 14 अप्रैल तक 3-5 डिग्री और पूर्वी भारत में 5-7 डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना है। गुजरात में 13 अप्रैल तक 2-4 डिग्री और महाराष्ट्र में 14 अप्रैल तक 2-3 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है। इसके बाद 15 और 16 अप्रैल के आसपास तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सआज का मौसम: कहीं तेज धूप तो कहीं बरसेंगे बादल! जानें आपके राज्य में आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
More